जनगणना 2026 के अंतर्गत स्वगणना अभियान में जयपुर ने 22 प्रतिशत भागीदारी के साथ राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सम्मानित किया।

जयपुर, 20 मई। जनगणना संचालन 2026 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में जयपुर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य की कुल स्वगणना उपलब्धि में जयपुर जिले की लगभग 22 प्रतिशत भागीदारी दर्ज की गई है, जो जिले की सक्रियता और जनसहभागिता का प्रमाण है। जिले द्वारा अब तक 3.25 लाख से अधिक स्वगणना दर्ज की गई हैं।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि जनगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता, प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा जनगणना कार्मिकों एवं अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से निरंतर जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, जिसके फलस्वरूप आमजन ने उत्साहपूर्वक इस स्वगणना अभियान में अपनी सहभागिता निभाई है।

इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक एवं नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि ये दोनों अधिकारी जयपुर जिले के प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं और इनके नेतृत्व में ही इस अभियान को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। जिला प्रशासन ने इस सफलता के बाद अब जनगणना 2026 के आगामी चरणों के सफल संचालन हेतु आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता एवं सुविधा गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story