जयपुर। जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एचपीवी टीकाकरण के संबंध में आमजन के बीच अधिकाधिक जागरूकता प्रसारित की जाए, ताकि पात्र 14 वर्ष आयुवर्ग की किशोरियों को समय पर टीकाकरण का लाभ सुनिश्चित हो सके।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर जिला कलक्टर ने पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में कूलर एवं पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयुवर्ग के रोगियों एवं उनके परिजनों की नियमित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।

साथ ही टीकाकरण कार्यक्रमों की पोर्टल पर समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मां वाउचर योजना की समीक्षा करते हुए योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी जिला कलक्टर द्वारा दिए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के लंबित भुगतानों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में किलकारी कार्यक्रम एवं मोबाइल अकादमी पर राज्य प्रतिनिधि स्वाति द्विवेदी द्वारा विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, एएनसी, परिवार कल्याण, लाडो प्रोत्साहन योजना, वय वंदन योजना, हरियालो राजस्थान अभियान, आभा कार्ड, आयुष्मान आरोग्य योजना, अनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान, आईएचआईपी पोर्टल पर डेटा एंट्री, यूडीआईडी, संस्थागत प्रसव, पीसीपीएनडीटी योजना, आरबीएसके योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, आगामी विश्व तंबाकू निषेध दिवस एवं स्टॉप डायरिया कैम्पेन सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार मूंड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. रवि शेखावत, द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समग्र समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए जनस्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story