जयपुर कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित
सांसदों और विधायकों की उपस्थिति में बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में उपस्थित सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए।
जिला कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जयपुर ग्रामीण सांसद, जयपुर सांसद, दौसा सांसद एवं सीकर सांसद की मौजूदगी रही। बैठक में जयपुर जिले के विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सहित जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जयपुर सांसद ने कहा कि पेयजल आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और गर्मी के मौसम को देखते हुए जयपुर शहर में पेयजल की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जलदाय विभाग को दिए गए हैं। उन्होंने आगामी 15 दिवस में एमपी-एमएलए लेड से स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रदान किए। साथ ही उन्होंने एक सप्ताह बाद जयपुर जिले की पेयजल समस्याओं के समाधान को लेकर पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश जिला कलक्टर जयपुर को दिए।
उन्होंने मानसून से पूर्व शहर के सभी नाले-नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वर्षा के दौरान जलभराव से आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने के लिए वार्डवार शिविर आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त जयपुर के मध्य से गुजरने वाली द्रव्यवती नदी के उचित विकास एवं सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
जयपुर सांसद ने चांदपोल मोक्षधाम सहित शमशान स्थलों पर शवयात्रा में आने वाले लोगों के लिए धूप एवं बारिश से बचाव हेतु छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम को दिए। उन्होंने मुहाना कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए सुविधाओं के विस्तार, नियमित सफाई, फल-सब्जी कचरे के समुचित निस्तारण तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। एनएचएआई द्वारा निर्मित सड़कों के दोनों किनारों पर मानसून के दौरान वृहद स्तर पर पौधारोपण के निर्देश भी दिए गए।
जयपुर ग्रामीण सांसद ने कहा कि जिन कॉलोनियों का नियमन हो चुका है, वहां आवागमन के लिए समुचित सड़कों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नरैना सीएचसी पर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जयपुर जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्मित एवं स्वीकृत आवासों की पूर्ण सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। पार्कों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने को लेकर अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां टीकाकरण से लाभान्वित हो सकें। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को स्वास्थ्य योजनाओं एवं टीकाकरण कार्यक्रमों की जानकारी देने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, दीनदयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास से संबंधित योजनाओं सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर संदेश नायक ने सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं योजनाओं के प्रभावी संचालन हेतु निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इसके साथ ही जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट शासी परिषद की गवर्निंग काउंसिल बैठक में डीएमएफटी फंड को जिले के विकास कार्यों में खर्च करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रमुख, विधायक बालमुकुंद आचार्य, गोपाल शर्मा, डॉ. शिखा मील बराला, प्रशांत शर्मा, शाहपुरा विधायक मनीष यादव, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्रपाल मीणा, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा सहित जयपुर विकास प्राधिकरण, जयपुर नगर निगम, ऊर्जा विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, खनिज विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, रसद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक जिले में विकास कार्यों की गति, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
