जयपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी चिकित्सा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिला कलक्टर संदेश नायक ने शुक्रवार, 27 नवम्बर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मौसमी बीमारियों की स्थिति पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने सर्दी के मौसम को देखते हुए सभी चिकित्सालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पतालों में पर्याप्त कम्बल और साफ बैडशीट उपलब्ध कराने तथा निमोनिया के मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान संचालित करने को कहा। उन्होंने एएनसी की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने तथा जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) और लाडो योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की समीक्षा में जिला कलक्टर ने मोबाइल हेल्थ टीमों को विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से एनीमिया की गोलियां वितरित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के तहत ई-केवाईसी कार्य पूरा करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा चिकित्सा संस्थानों से जुड़ी भूमि संबंधी समस्याओं का निस्तारण करने और जर्जर भवनों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए।

अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने लेबर रूम व्यवस्थित रखने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (बीसीएमओ) को चिकित्सा संस्थानों का नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में वन हेल्थ कार्यक्रम और उससे जुड़े सभी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, एनसीडी कार्यक्रम, आयुष्मान वय वंदन योजना, एएनसी, परिवार कल्याण, मां योजना, मां वाऊचर योजना, संस्थागत प्रसव, आभा आईडी, पीसीपीएनडीटी योजना और टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (उत्तर) श्री राजेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. रवि शेखावत, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों से लेकर टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं के लंबित कार्यों तक विभिन्न मुद्दों पर निर्देश दिए गए।

Next Story