जयपुर। जयपुर के 300वें स्थापना वर्ष को समर्पित तीन दिवसीय जयपुर डिजाइन फेस्टिवल का सोमवार, 16 नवंबर को जवाहर कला केंद्र में शुभारंभ हुआ। एसोसिएशन ऑफ डिजाइनर्स ऑफ इंडिया (ADI) के जयपुर चैप्टर की ओर से राजस्थान टूरिज्म और जवाहर कला केंद्र के सहयोग से आयोजित इस फेस्टिवल के पहले दिन शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शहरी विकास और रचनात्मकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विशेषज्ञों, डिजाइनर्स, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों ने भाग लिया।

फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह की शुरुआत द प्रियरंग प्रोजेक्ट की विशेष प्रस्तुति 'गणेश वंदना : महागणपतिम' से हुई। निर्देशक दीप्ती कोठरी के निर्देशन और कोरियोग्राफी में तैयार इस प्रस्तुति में जयपुर की पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रचनात्मक सोच का संगम देखने को मिला। इसमें नन्ही कलाकारों परिधि कनोडिया, काव्या शाह और स्वरा कोठारी ने कथक की प्रस्तुति दी।

'रिइमैजिन जयपुर बाय डिज़ाइन' की अवधारणा पर आधारित फेस्टिवल के पहले दिन डिजाइन, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, शहरी विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़े विषयों पर संवाद के साथ विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की गईं। कला एवं डिजाइन प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। इसमें जयपुर के 300 वर्षों के कला और डिजाइन के सफर को दर्शाते हुए शहर से जुड़ी कलाकृतियां, डिजाइन और ब्रांड प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में 'एजुकेशन बाय डिज़ाइन' और 'सर्कुलर जयपुर' विषय पर आयोजित दो फोरम चर्चाएं शामिल रहीं। 'एजुकेशन बाय डिज़ाइन' फोरम में इस बात पर विचार किया गया कि डिजाइन के माध्यम से शिक्षा प्रणाली और सीखने के पारंपरिक तरीकों में किस तरह बदलाव लाया जा सकता है।

वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिज़ाइन की डीन लोलिता दत्ता के संचालन में आयोजित इस चर्चा में बेनेत्त यूनिवर्सिटी की डीन डॉ. मनीषा मोहन, डिजाइनर एवं शिक्षाविद जिनान के.बी., पूर्व सीबीएसई शिक्षा अधिकारी संदीप सेठी और आइआइटी बॉम्बे के आइडीसी स्कूल ऑफ डिज़ाइन के प्रोफेसर फनी टेटालि ने अपने विचार रखे। चर्चा के दौरान अनुभव आधारित शिक्षा, विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमताओं की पहचान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रभाव और मानवीय रचनात्मकता के महत्व जैसे विषयों पर विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों को केवल जानकारी देने के बजाय उनकी सोचने, कल्पना करने और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने पर ध्यान देना आवश्यक है।

शहर के भविष्य और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित 'सर्कुलर जयपुर' फोरम में जयपुर को ऐसा शहर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई, जहां संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए और कचरे को भी उपयोगी संसाधन में बदला जा सके। एडीआई जयपुर चैप्टर की अध्यक्ष एवं जयपुर डिजाइन फेस्टिवल की डायरेक्टर मीनाक्षी सिंह के संचालन में आयोजित इस सत्र में दिलीप बेद, गौरव शोरोय, विवेक अग्रवाल और सुमित घोसे ने विचार साझा किए।

वक्ताओं ने जीरो वेस्ट मैन्युफैक्चरिंग, स्थानीय संसाधनों के संरक्षण, सामुदायिक स्तर पर कचरा प्रबंधन और अनुपयोगी वस्तुओं को नए उपयोग में लाने के तरीकों पर चर्चा की। इसके साथ ही जयपुर की पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय ज्ञान को सतत विकास से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।

फेस्टिवल के पहले दिन आयोजित कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को फिल्ममेकिंग, स्टोरीटेलिंग और कलर डिजाइन की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। इनमें 'द आर्ट ऑफ सीइंग' फिल्ममेकिंग वर्कशॉप प्रमुख रही। इसका संचालन नेशनल फिल्म अवॉर्ड विजेता फिल्म निर्देशक एवं निर्माता केया वासवानी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को फ्रेमिंग, कंपोजिशन और विजुअल स्टोरीटेलिंग के जरिए कहानियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तकनीक समझाई।

'द पावर ऑफ कलर विद पैनटोन' कार्यशाला में रंगों के मनोविज्ञान, ब्रांड पहचान और डिजाइन पर उनके प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। इसमें पैनटोन कलर स्टैंडर्ड, कलर कोडिंग और प्रिंटिंग में उपयोग होने वाले सीएमवायक़े सिस्टम के साथ टेक्सटाइल, फूड इंडस्ट्री और लोगो डिजाइनिंग में रंगों की भूमिका समझाई गई। वहीं, 'डिज़ाइन्ड स्टोरीटेलिंग यूजिंग फाइव सेंसेज' कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को कहानी कहने और रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए तरीकों से परिचित कराया गया।

दिनभर चले बौद्धिक और रचनात्मक सत्रों के बाद पहले दिन का समापन 'गालिबाज़ी : द वॉइस ऑफ जयपुर' की प्रस्तुति के साथ हुआ। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन के पहले दिन को समापन सत्र में सांस्कृतिक रंग प्रदान किए।

जयपुर डिजाइन फेस्टिवल 18 नवंबर तक जवाहर कला केंद्र में आयोजित होगा। आगामी दो दिनों में भी डिजाइन, शहरी विकास, शिल्प, उद्यमिता, तकनीक और सतत विकास से जुड़े विषयों पर विभिन्न फोरम चर्चाएं, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। फेस्टिवल के माध्यम से जयपुर की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक डिजाइन सोच और सतत शहरी विकास से जुड़ी संभावनाओं पर संवाद जारी रहेगा।

Next Story