जिले में डेंगू की रोकथाम और मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला कलक्टर संदेश नायक ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कूलर की सफाई कर आमजन को स्वच्छता और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम का संदेश दिया। इस दौरान सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत भी उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि डेंगू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को सभी सरकारी एवं निजी कार्यालयों में सोर्स रिडक्शन एक्टिविटी आयोजित की जाए। इसके तहत कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, कबाड़ और अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई तथा जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक रविवार को "ड्राई डे" के रूप में मनाया जाए। इस दिन घरों में कूलर खाली कर उनकी सफाई की जाए, पानी के बर्तनों को धोकर सुखाया जाए तथा कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए, ताकि एडीज मच्छर के प्रजनन को रोका जा सके।

जिला कलक्टर ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में केवल 10 मिनट अपने घर और आसपास की सफाई पर ध्यान दे, तो डेंगू जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों, संस्थानों और आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के प्रयास प्रभावी बनाए जा सकें।

Next Story