जयपुर में मानसून के दौरान डेंगू और मलेरिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने जिलेवासियों से प्रत्येक रविवार ड्राई डे मनाने और घरों व आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने का आह्वान किया है।

जयपुर, 1 अगस्त। डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने कहा कि कूलर, पानी की टंकियां, गमले, फ्रिज की ट्रे, टूटे बर्तन, पुराने टायर, नारियल के खोल और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं में जमा पानी मच्छरों के प्रजनन के प्रमुख स्रोत बन सकते हैं। ऐसे सभी स्थानों की नियमित सफाई करते हुए प्रत्येक रविवार उनका पानी पूरी तरह खाली कर सुखाना आवश्यक है।

सीएमएचओ ने कहा कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर और आसपास का निरीक्षण करे तथा पानी जमा होने वाले सभी स्थानों को साफ कर मच्छरों के प्रजनन को रोके।

उन्होंने कहा कि हर रविवार ड्राई डे अभियान को जन आंदोलन बनाकर ही मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। डॉ. शेखावत ने जिलेवासियों से अपील की कि रविवार, 2 अगस्त को अपने घर, कार्यालय और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं, पानी जमा होने वाले सभी स्रोतों को समाप्त करें और अपने पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता, नियमित सफाई और प्रत्येक रविवार ड्राई डे मनाने की आदत डेंगू एवं मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story