जयपुर में रेल संपर्क विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून 2026 को जयपुर से जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह नई रेल सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी और राजस्थान तथा बिहार के बीच आवागमन को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।

यह अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान की राजधानी जयपुर (खातीपुरा) और बिहार के दरभंगा के बीच चलने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को संरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इस सेवा से व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए साप्ताहिक रेल सेवा संचालित की जा रही है, जबकि यह नई ट्रेन यात्रियों को सप्ताह में छह दिन यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी।

रेल मार्ग में इस ट्रेन का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह, आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उनाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनियां, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड तथा कमतौल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ प्राप्त होगा।

इस सेवा के साथ ही जयपुर स्थित खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स, फेज-2 में इस ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस किया जाएगा। लगभग 205 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्पलेक्स रेलवे अनुरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना के रूप में विकसित किया गया है।

यह सुविधा वंदे भारत, डेमू, एलएचबी रेक सहित विभिन्न प्रकार की ट्रेनों के रेक के अनुरक्षण में सक्षम होगी, जिससे एक ही स्थान पर सभी प्रकार की ट्रेनों का मेंटेनेंस संभव हो सकेगा। अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस यह कोच केयर कॉम्पलेक्स भविष्य में अधिक ट्रेनों के संचालन, बेहतर संरक्षा और कम समय में उच्च गुणवत्ता वाले अनुरक्षण कार्य को सुनिश्चित करने में सहायक माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इसी दिन केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बीकानेर-अहमदाबाद नई रेल सेवा (प्रतिदिन) को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इन दोनों नई रेल सेवाओं के शुभारंभ से देश के विभिन्न हिस्सों के बीच रेल संपर्क और अधिक सुदृढ़ होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story