जयपुर जिले में वर्षा जल संरक्षण, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत जिला परिषद जयपुर ने जिले के आठ बांधों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए कुल ₹280.48 लाख (लगभग ₹2.81 करोड़) की संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा ने बताया कि अगर सागर (मौजमाबाद), बाडसोलीक्यान (मौजमाबाद), बेनीखेड़ा-रहलाना (दूदू), दांतली (आंधी), हरसोली (दूदू), जैतपुरा (सांभरलेक), नीमला (आंधी) तथा श्यामपुरा (कोटखावदा) बांधों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गई हैं। इन सभी कार्यों पर लगभग ₹2.81 करोड़ व्यय किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सभी कार्यों का निष्पादन अधिशासी अभियंता, जल संसाधन खण्ड, जयपुर द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक कार्य को चार माह की निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अभिसरण से वित्तीय प्रावधान किया गया है।

प्रतिभा वर्मा ने कहा कि सभी कार्य तकनीकी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा नियमित निगरानी भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इन आठों बांधों के जीर्णोद्धार से जल संचयन क्षमता में वृद्धि होगी, किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर जल उपलब्ध होगा तथा भूजल स्तर में सुधार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story