जयपुर में डाला छठ महापर्व का आयोजन, नहाय-खाय से शुरू होगा चार दिवसीय अनुष्ठान
बिहार समाज संगठन के तत्वावधान में व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास रखेंगे; घाटों की सफाई व पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू हुई।

जयपुर में लोकआस्था और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। बिहार समाज संगठन की ओर से आयोजित इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं और व्रतियों के घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर में जगह-जगह छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है और पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बनने लगा है। सामाजिक समरसता, साधना, आराधना और सूर्योपासना से जुड़े इस चार दिवसीय पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य की आराधना करेंगे।
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुरेश पंडित ने बताया कि पवित्र लोकपर्व डाला छठ को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पर्व की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से नहरों और जलाशयों के समीप छठ घाटों का निर्माण शुरू कर दिया है। 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को व्रती दिनभर निराहार रहने के बाद शाम को खरना का अनुष्ठान पूरा करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निराहार और निर्जला व्रत शुरू होगा। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही डाला छठ महापर्व का समापन होगा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि व्रत को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिन घरों में छठ पूजा होगी, वहां विशेष शुद्धता और स्वच्छता का ध्यान रखा जा रहा है। छठ घाटों की साफ-सफाई भी शुरू हो चुकी है। पूजा के लिए सूप, दउरा, मिट्टी के दीये, हाथीदान, मौसमी फल और लौकी की खरीदारी की जा रही है।
डाला छठ को कृषि, मिट्टी और किसानों से जुड़ा विशिष्ट पर्व माना जाता है। इस पर्व में धरती से पैदा होने वाली प्रत्येक फसल, फल और सब्जी को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। नहाय-खाय, खरना और पूजा का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर मिट्टी के बर्तनों में तैयार किया जाता है। बांस से बने सूप में पूजन सामग्री रखकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। बांस से बने सूप, दौरा, टोकरी और मउनी के साथ मिट्टी के दीप, चौमुखा और पंचमुखी दीये भी पूजा का हिस्सा होते हैं। इसके अलावा ईख, सेव, केला, संतरा, नींबू, नारियल, अदरक, हल्दी, सूथनी, पानी फल सिंघाड़ा, चना, चावल (अक्षत) और ठेकुआ सहित विभिन्न कंद-मूल एवं फल पूजा सामग्री में शामिल किए जाते हैं। इस तरह छठ पूजा की परंपराएं प्रकृति और कृषि से समाज के जुड़ाव को दर्शाती हैं।
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री चंदन कुमार मंडल ने बताया कि छठ महापर्व महिलाओं के अस्तित्व और समानता को भी सम्मान प्रदान करता है। उनके अनुसार, देश में छठ के अतिरिक्त ऐसा कोई दूसरा पर्व नहीं है, जिसे सधवा (शादीशुदा महिलाएं), विधवा, कुंवारी और गर्भवती महिलाएं एक साथ कर सकती हों। अन्य त्योहारों में महिलाओं की अलग-अलग श्रेणियों के लिए अलग नियम होते हैं, लेकिन छठी मैया के दरबार में सभी महिलाएं समान होती हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष में दो बार छठ व्रत किया जाता है और दोनों ही अवसर ऋतुओं के आगमन से जुड़े हैं। कार्तिक मास में शरद ऋतु की शुरुआत होती है, जबकि चैत्र मास में वसंत ऋतु का आगमन होता है। एक व्रत ठंड की शुरुआत और दूसरा गर्मी के आगमन के समय किया जाता है। बदलते मौसम के दौरान मनाया जाने वाला यह महापर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति, कृषि और सामाजिक समरसता से भी जुड़ा हुआ है।

