जयपुर में 31 अक्टूबर को क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में देशभर के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (आईएससीसीएम), जयपुर की ओर से जयपुर क्रिटिकॉन 2026 का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), झालाना, जयपुर में किया जाएगा। ‘सेप्सिस स्टूवर्डशिप’ थीम पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय फैकल्टी के साथ राजस्थान के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ क्रिटिकल केयर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर 40 से अधिक व्याख्यान देंगे।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. मोहित के. रॉय, आयोजन सचिव डॉ. निखिल अजमेरा और कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर गौड़ ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में देश के प्रमुख विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनमें कोलकाता से डॉ. सुभाष के. टोडी, नई दिल्ली से डॉ. राजेश पांडे, डॉ. अनिर्बान होम चौधरी और डॉ. कपिल देव सोनी तथा गुरुग्राम से डॉ. नेहा गुप्ता शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिष्ठित विशेषज्ञ 40 से अधिक व्याख्यान देंगे। इन व्याख्यानों में क्रिटिकल केयर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, नवीन उपचार पद्धतियों और व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया जाएगा।

कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य चिकित्सकों को साझा मंच उपलब्ध कराकर गहन चिकित्सा से जुड़ी चुनौतियों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और बेहतर मरीज प्रबंधन पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। वैज्ञानिक सत्रों में सेप्सिस एवं सेप्टिक शॉक की समय पर पहचान, उचित उपचार, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और आईसीयू में मरीजों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

आयोजकों के अनुसार, विशेषज्ञ व्याख्यानों, केस आधारित चर्चाओं और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों को नवीन जानकारियों से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा। युवा चिकित्सकों और प्रशिक्षणरत विशेषज्ञों के लिए पेपर एवं ई-पोस्टर प्रस्तुतियां तथा क्विज भी शैक्षणिक गतिविधियों का हिस्सा होंगे।

जयपुर क्रिटिकॉन 2026 गंभीर मरीजों की देखभाल से जुड़े चिकित्सकों के लिए ज्ञान और अनुभव साझा करने का मंच बनेगा। आयोजन के माध्यम से क्रिटिकल केयर सेवाओं की गुणवत्ता और गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

Next Story