जयपुर। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर शुक्रवार को राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण और व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करना, लंबित कार्यों को गति देना और विकास कार्यों को ज़मीनी स्तर पर समयबद्ध ढंग से पूरा कराना रहा।

बैठक में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पीएचईडी, पंचायती राज विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी दी। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो बार क्षेत्र का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन हो सके और किसी भी स्तर पर लापरवाही को रोका जा सके।

कर्नल राठौड़ ने झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 113 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रही सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने माच्छरखानी और ज्वालामाता मंदिर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सभी विकास कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितने कार्य पूर्ण हो चुके हैं और कितने अभी लंबित हैं। साथ ही, कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने चल रहे कार्यों की प्रगति दर्शाने वाली तस्वीरें भी प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने आसलपुर में खेल मैदान के निर्माण के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश भी दिए।

पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए किसी भी स्थिति में परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने पीएचईडी विभाग को निर्देश दिए कि सभी लंबित जल कनेक्शन का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए और ग्राम पंचायतों में पेयजल की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जोबनेर की ग्राम पंचायत बस्सी नागा में 50 बीघा भूमि पर प्रस्तावित पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि बीकानेर के पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के बाद यह राजस्थान का दूसरा पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय होगा, जिससे पशुपालन, कृषि और अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

इसके अतिरिक्त डूंगरी कलां स्थित जयरामपुरी आश्रम गौशाला में टीनशेड एवं अन्य विकास कार्यों, सांगा का बास और कुड़ियों का बास के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण, तथा भैंसावा ग्राम पंचायत और करणसर ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गति, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे आम नागरिक तक समय पर पहुंच सके और झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम मिल सकें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story