जयपुर कलेक्ट्रेट में वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन, डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने दिए निर्देश
जिला कलक्टर के निर्देश पर सुशासन हेतु प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को निवेश, बीमा एवं सेवानिवृत्ति योजना प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया गया।

जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित वित्तीय साक्षरता कार्यशाला की अध्यक्षता करते जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी एवं उपस्थित अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
जयपुर, 24 मार्च। आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वित्तीय साक्षरता एवं वित्त प्रबंधन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह पहल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार है, जिसके माध्यम से प्रशासनिक तंत्र को और अधिक दक्ष, जागरूक एवं उत्तरदायी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य और विजन
कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे न केवल अपने व्यक्तिगत वित्तीय निर्णय बेहतर तरीके से ले सकें, बल्कि आमजन को भी योजनाओं एवं वित्तीय प्रबंधन के संबंध में प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के नवाचारों के माध्यम से कार्य संस्कृति में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को बहुआयामी रूप से सशक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
विशेषज्ञों द्वारा वित्तीय प्रबंधन के गुर
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ लेखाधिकारी श्री आशीष नागर द्वारा किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता अतिरिक्त निदेशक, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग जयपुर श्री रामपाल परसोया ने वित्तीय साक्षरता, बीमा एवं सेवानिवृत्ति योजना प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने "वित्तीय साक्षरता, बीमा एवं सेवानिवृत्ति योजना प्रबंधन के साथ आय-व्यय संतुलन, नियमित बचत एवं भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के लिए बीमा एवं पेंशन योजनाओं के महत्व" को रेखांकित किया।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक जयपुर के टीम लीडर (संबंध प्रबंधक) श्री मनीष गुप्ता ने निवेश के सुरक्षित एवं प्रभावी विकल्पों, जोखिम प्रबंधन तथा दीर्घकालिक वित्तीय योजना के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विषय से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) श्रीमती विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय श्री संजय कुमार माथुर, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर उत्तर श्री मुकेश मूंड एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर दक्षिण जयपुर शहर श्री युगांतर शर्मा उपस्थित रहे। साथ ही अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जयपुर, कोषाधिकारी जयपुर शहर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
