जयपुर कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन, 114 फरियादियों की सुनी समस्याएं
जिला कलेक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में राजस्व सहित विभिन्न विभागों के 10 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर संदेश नायक, चौमू विधायक डॉ. शिखा मील बराला और विभागीय अधिकारी फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए।
जयपुर, 21 मई। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर सन्देश नायक की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों सहित कुल 114 फरियादियों की परिवेदनाएं सुनीं, जिनमें से 10 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित करते हुए फरियादियों को राहत प्रदान की गई। जनसुनवाई के दौरान चौमू विधायक डॉ. शिखा मील बराला भी उपस्थित रहीं।
जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने, छात्रवृत्ति, एनएफएसए सूची में नाम जुड़वाने, पेंशन शुरू करवाने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, पेयजल आपूर्ति सुचारू करने, पत्थरगढ़ी, कृषि भूमि के रास्तों का विवाद, सड़क निर्माण, आवासीय पट्टा और नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। इन प्रकरणों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए तथ्यों के आधार पर प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण करें।
कलेक्टर सन्देश नायक ने इस बात पर चिंता जताई कि कई बार जानकारी के अभाव में आमजन योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठा सकें। इस अवसर पर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रथम) श्रीमती विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (द्वितीय) श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (तृतीय) देवयानी सहित चिकित्सा, पुलिस, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, कृषि, वन और राजस्व विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। यह जनसुनवाई जिला प्रशासन की आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेह शासन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
