जयपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। शनिवार, 31 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष जिला कलक्टर संदेश नायक ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के कार्मिकों सहित अन्य गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में जन्मे वल्लभभाई पटेल का जीवन जीवटता, बुद्धिमत्ता, कठोर अनुशासन और व्यावहारिक कुशलता से परिपूर्ण था। उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में देश को आजाद कराने में अग्रणी भूमिका निभाई। आजादी के बाद करीब 562 रियासतों में खंड-खंड बंटे भारत के भूभाग को एकता के सूत्र में पिरोने का अभूतपूर्व कार्य भी किया। उनका जीवन भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राष्ट्रीय एकता दिवस के इस कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक के साथ सीईओ जिला परिषद शुभम भैंसारे, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय मेघराज सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेन्द्र सिंह, सहायक कलक्टर जयपुर प्रथम निधि मीणा, तहसीलदार सुभाषचन्द्र स्वामी, तहसीलदार निर्वाचन कुलदीप और तहसीलदार प्रदीप सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित शपथ और पुष्पांजलि कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति योगदान को स्मरण किया गया।

Next Story