जयपुर। जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत पढ़ रहे दर्जनों विद्यार्थियों के भविष्य पर मंडरा रहे काले बादलों को छांट दिया है। बुधवार को जिला कलक्टर की एक सराहनीय पहल के फलस्वरूप श्यामनगर (सोडाला) स्थित ट्री हाउस स्कूल के अचानक बंद हो जाने से प्रभावित हुए 34 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की बाधा अब पूरी तरह दूर हो गई है। प्रशासन ने इन सभी विद्यार्थियों का प्रवेश चैरिटी के माध्यम से भामाशाह एवं समाजसेवी विनय चैरडिया द्वारा संचालित गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान 'पोदार वर्ल्ड स्कूल', कमला नेहरू नगर में सुनिश्चित कराया है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार ने इस घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल के अचानक बंद होने से अभिभावक अत्यंत चिंतित थे, लेकिन उनकी इच्छा और बच्चों की शैक्षणिक निरंतरता को प्राथमिकता देते हुए यह त्वरित समाधान निकाला गया है। इस निर्णय से न केवल बच्चों की शिक्षा सुचारू रूप से जारी रहेगी, बल्कि अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए जिला कलक्टर ने भामाशाह विनय चैरडिया को उनके इस निस्वार्थ सहयोग के लिए कलेक्ट्रेट आमंत्रित कर सम्मानित भी किया।

इस चुनौतीपूर्ण समय में शिक्षा के प्रति समर्पण दिखाने के लिए सभी अभिभावकों ने सामूहिक रूप से जिला कलक्टर संदेश नायक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुनील कुमार सिंघल एवं समाजसेवी विनय चैरडिया का हृदय से आभार व्यक्त किया है। प्रशासन की इस अभिनव पहल ने यह सिद्ध कर दिया है कि जनहित में लिए गए त्वरित निर्णय समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए कितने निर्णायक साबित हो सकते हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story