जयपुर में मानसून के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टाईफस एवं अन्य वेक्टर जनित मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार, 23 जुलाई को जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि मानसून के दौरान मच्छरों के प्रजनन और संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में सभी विभाग जनजागरूकता अभियान और मच्छररोधी गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मच्छरों की संक्रमण श्रृंखला को तोड़कर मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना है।

जिला कलक्टर ने पुलिस आयुक्त जयपुर और जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण को मौसमी बीमारियों से संबंधित चालान कार्रवाई में सहयोग देने, घर-घर सर्वे के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चिकित्सा विभाग की टीम की सहायता करने तथा पुलिस थाना परिसरों में मच्छररोधी गतिविधियां नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए।

राजस्थान आवासन मण्डल को निर्देशित किया गया कि आवासीय कॉलोनियों और मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट्स में एण्टोमोलॉजिस्ट और सुपरवाइजर की सहभागिता के साथ नियमित एण्टीलार्वल एवं सोर्स रिडक्शन गतिविधियां तथा आईईसी कार्यक्रम संचालित किए जाएं। इसके साथ ही निर्माणाधीन स्थलों पर एण्टी लार्वा गतिविधियां कराई जाएं, खाली भूखण्डों में ठहरे पानी में एम.पी.एस.जी. डलवाया जाए तथा पार्कों में पत्तों, कचरे और अन्य जल स्रोतों पर नियमित एण्टीलार्वल एवं सोर्स रिडक्शन गतिविधियां सुनिश्चित की जाएं।

नगर निगम को नालियों की नियमित सफाई, नालियों और गड्ढों में फॉगिंग, शहरी क्षेत्रों में पंपिंग, सड़कों के आसपास बने गड्ढों को भरवाने तथा घरों के बाहर रखी टंकियों और अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही होर्डिंग और बैनर के माध्यम से मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं बचाव संबंधी आईईसी गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।

जिला परिषद् को ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, नालियों एवं जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई कराने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों के माध्यम से आमजन को मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए भी कहा गया।

शिक्षा विभाग को सभी राजकीय और निजी विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं के दौरान विद्यार्थियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छता, मच्छरों से बचाव और जलजनित रोगों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय परिसरों में पानी का ठहराव नहीं होने देने, परिण्डे प्रत्येक तीन दिन में खाली कराने तथा आवश्यकता के अनुसार साफ-सफाई और एण्टीलार्वल गतिविधियां कराने को भी कहा गया।

चिकित्सा विभाग को सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, जांच किट और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, सर्विलांस गतिविधियों को मजबूत करने, संदिग्ध रोगियों की समय पर जांच और उपचार कराने तथा एण्टीलार्वल गतिविधियां, फॉगिंग, आईईसी अभियान और घर-घर सर्वे नियमित रूप से संचालित करते हुए अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को विभाग से संबंधित स्कूलों और हॉस्टलों में सोर्स रिडक्शन एवं एण्टीलार्वल गतिविधियां संचालित करने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम और बचाव के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पशुपालन विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, नर्सिंग कॉलेज, समग्र शिक्षा, एयरपोर्ट, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, पीडब्ल्यूडी, रेलवे तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी मच्छररोधी गतिविधियां, साफ-सफाई और आवश्यक कार्य नियमित रूप से करने, प्रत्येक रविवार को ड्राई डे (सूखा दिवस) मनाने के लिए आमजन को जागरूक करने तथा सभी राजकीय और निजी कार्यालयों में प्रत्येक शुक्रवार मच्छररोधी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने आमजन से भी घर और मोहल्लों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, खाली प्लाटों में कचरा नहीं फेंकने, परिंडे हर तीसरे दिन खाली कराने, घरों की पानी की टंकियों को ढककर रखने, कूलर प्रत्येक तीन दिन में साफ करने तथा वर्षा का पानी छतों पर जमा नहीं होने देने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत, उपमुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. इन्दिरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई पर बैठक में विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story