जयपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जयपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर संदेश नायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश, व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

तस्वीर में जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक चल रही है।
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमामयी रूप से आयोजित करने के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूर्ण उल्लास, उमंग और गरिमा के साथ मनाया जाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां समय से पूर्व और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समारोह से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लें। उन्होंने चौगान स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह के लिए मंच व्यवस्था, ध्वनि प्रसारण प्रणाली, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, मार्च पास्ट, आमंत्रण पत्र वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सीय सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर रोशनी, रंगोली, सजावट और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास समय पर पूरा कराया जाए।
जिला कलक्टर ने समारोह में जन प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, उत्कृष्ट खिलाड़ियों, लोक कलाकारों, पत्रकारिता, सामाजिक-धार्मिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों की विभूतियों को ससम्मान आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति, सामाजिक एकता और राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर की झलक दिखाई देनी चाहिए, जिससे आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हो। उन्होंने अधिकारियों को समारोह में आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर राष्ट्र की गरिमा और सम्मान को बढ़ाने में भागीदारी निभाएं।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर, पूर्व) नरेन्द कुमार वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा सहित जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग, रसद विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि चौगान स्टेडियम में होने वाला जिला स्तरीय कार्यक्रम गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
