Jaipur Civic Polls 2026: जयपुर के वार्ड 62 में पुनर्मतदान संपन्न, 76.32% वोटिंग
11 सितंबर को हुई घटना के बाद आयोग ने रद्द किया था मतदान, सांगानेर के टीला वाला बूथ पर 448 लोगों ने डाला वोट।

तस्वीर में मतदान केंद्र के अंदर अधिकारी दस्तावेजों की जांच करते दिख रहे हैं।
जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 62 की भाग संख्या 23 में रविवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर स्थित मतदान केंद्र पर हुए पुनर्मतदान में कुल 587 मतदाताओं में से 448 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 76.32 रहा।
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अंतर्गत हुए इस पुनर्मतदान में 230 पुरुष और 218 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह पुनर्मतदान कराया गया।
सन्देश नायक के अनुसार, ग्यारह सितंबर को उक्त मतदान केंद्र पर घटित घटना के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इससे चुनाव की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता पर प्रभाव पड़ने के मद्देनजर पूर्व में हुए मतदान को शून्य घोषित किया गया था। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर भाग संख्या 23 में पुनर्मतदान करवाया गया।
पुनर्मतदान के दौरान मतदान प्रक्रिया पर सघन निगरानी रखी गई। उपखण्ड अधिकारी सांगानेर विकास प्रजापत, तहसीलदार सांगानेर स्नेहदीप आदि ने निगरानी में पुनर्मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाया।
कुल 587 मतदाताओं में से 448 मतदाताओं द्वारा मतदान किए जाने के साथ भाग संख्या 23 में पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। इनमें 230 पुरुष और 218 महिला मतदाता शामिल रहे तथा मतदान प्रतिशत 76.32 दर्ज किया गया।

