जयपुर: दशहरे पर बच्चों ने कार्डबोर्ड से बनाया रावण, सीखीं नैतिक शिक्षाएं
ब्राइट बिगिनिंग्स न्यू डॉन वेलफेयर फाउंडेशन की गतिविधि के जरिए बच्चों को रामायण के आदर्शों, सत्य और सदाचार के महत्व से परिचित कराया गया।

जयपुर में दशहरे पर बच्चों ने कार्डबोर्ड से रावण बनाकर नैतिक मूल्यों की सीख ली।
जयपुर। दशहरे के अवसर पर ब्राइट बिगिनिंग्स न्यू डॉन वेलफेयर फाउंडेशन के बच्चों ने कार्डबोर्ड और रंगीन कागजों से रावण बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को बुराई पर अच्छाई की जीत का महत्व समझाने के साथ आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों की सीख दी गई।
बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और हुनर का उपयोग करते हुए रावण का निर्माण किया। इस पहल के जरिए उन्होंने न केवल अपनी कलात्मक क्षमता दिखाई, बल्कि रचनात्मकता और मिलकर काम करने का संदेश भी दिया।
ब्राइट बिगिनिंग्स न्यू डॉन वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक ज्योति महाजन ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देना और उनमें नैतिक मूल्यों तथा अच्छे संस्कारों का विकास करना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को रामायण के आदर्शों से परिचित कराया गया और सत्य, धैर्य, विनम्रता तथा सदाचार जैसे मूल्यों की सीख दी गई।
गतिविधि के माध्यम से बच्चों को यह भी समझाया गया कि दशहरे का वास्तविक अर्थ केवल रावण दहन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने भीतर छिपे अहंकार, क्रोध और अन्य बुराइयों का अंत करना भी इसका महत्वपूर्ण संदेश है। इस तरह बच्चों ने कला के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का महत्व समझा और रामायण के आदर्शों को नैतिक शिक्षा के रूप में जाना।

