चेटीचण्ड सिंधी मेला समिति महानगर जयपुर के अध्यक्ष पद के सत्र 2027 के चुनाव रविवार, 29 नवम्बर 2026 को आयोजित होंगे। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि जयपुर शहर के सिंधी समाज के लगभग 950 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक साईं बाबा मंदिर, स्वामी सर्वानन्द पार्क, आदर्श नगर, राजा पार्क, जयपुर में होगा। चुनाव में जयपुर शहर के सिंधी समाज की विभिन्न पूज्य पंचायतों, संस्थाओं एवं व्यापार मंडलों के प्रमुख सदस्य मतदान करेंगे।

अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद नावानी, कमल आसवानी एवं जगदीश बुलानी चुनावी मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों के बीच अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला होगा। चुनाव को लेकर समिति ने मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की है।

निवर्तमान अध्यक्ष नरेन्द्र मूलचंदानी ने चुनाव संपन्न करवाने के लिए चुनावी टीम की घोषणा की है। इसके तहत एडवोकेट विजय मामनानी को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अजय शिवनानी, दीपक वरंदानी एवं मीना मूलचंदानी को चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

समाज के तुलसी संगतानी ने बताया कि चेटीचंड सिंधी मेला समिति के चुनाव प्रत्येक वर्ष आयोजित किए जाते हैं। समाज के प्रमुख व्यक्तियों ने सदस्यों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न करवाने में सहयोग करने की अपील की है। रविवार को होने वाले इस चुनाव में लगभग 950 मतदाता समिति के आगामी सत्र 2027 के अध्यक्ष का चयन करेंगे।

Next Story