जयपुर चेटीचंड महोत्सव: 15 मार्च को सजेगा विशाल सिंधी मेला और भव्य झांकियां
सिंधी समाज द्वारा आराध्य भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव पर पखवाड़े भर चलने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के तहत जयपुर में वाहन रैली, कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली जाएगी।

जयपुर के आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले सिंधी मेले की तैयारियों को लेकर जानकारी देते मेला समिति के पदाधिकारी और महोत्सव का विवरण।
सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल का जन्मोत्सव चेटीचंड के रूप में 20 मार्च को शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी क्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे हैं। चेटीचंड सिंधी मेला समिति महानगर जयपुर की ओर से रविवार 15 मार्च को शाम 5 बजे आदर्श नगर के दशहरा मैदान में विशाल मेला आयोजित होगा।
सिंधु संस्कृति और अलौकिक झांकियों का संगम
अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी ने बताया कि "इस मेले में सिंधु संस्कृति के दर्शन होंगे।" प्रवक्ता तुलसी संगतानी ने बताया कि "मेले में भगवान झूलेलाल की अलौकिक झांकी सजाई जाएगी, जिसमें भगवान श्री झूलेलाल झूले पर विराजमान होकर झूलेंगे।" पर्वत पर भगवान शंकर विराजमान होंगे। भगवान झूलेलाल जल के देवता है तो फव्वारों से पानी की बूंदे बरसेगी और बालक शेर की हिलती गर्दन देख रोमांचित होंगे। महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि "श्री अमरापुर दरबार के संत मोनू राम जी धर्म ध्वजा फहराकर और दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ करेंगे।" मेला संयोजक विजय बालानी ने बताया कि "मैदान के मध्य में भगवान झूलेलाल का विशाल और मनोहारी मंदिर होगा।"
विविध प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्या
बच्चों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता तथा महिलाओं के लिए सिंधी व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित होगी। कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी जी ने बताया कि "मनोज मामनानी सिंधी संगीत की सुरमई शाम सजाएंगे।" श्री अमरापुर दरबार की ओर से डोडा चटनी और झूलेलाल मंदिर की ओर से मीठे चावल व छोले का प्रसाद वितरित होगा। सुंदर बैंड स्वर लहरिया बिखेरेगा। मेले के मुख्य प्रायोजक टीटूप्रिंट हैं, जबकि सह प्रायोजक बालानी पेंट, हेल्थी चॉइस पोहा, एच पी लाइट, रफ़ एंड टफ बैग और माउंट मोल्डेड फर्नीचर हैं।
भव्य वाहन रैली और कलश यात्रा
भारतीय सिंधु सभा के तत्वावधान में वाहन रैली का आयोजन सुबह 8:00 बजे से होगा। सभा के विष्णु देव सामतानी और कमल आसवानी ने बताया कि "त्रिमूर्ति सर्किल से वाहन रैली आरंभ होगी जो दशहरा मैदान पर समाप्त होगी, इस रैली में सभी पंचायत के सदस्य गण भाग लेंगे और यहां सिंधी संगीत से दर्शक झूम उठेंगे।" 17 मार्च को मानसरोवर में सिद्ध ठाकुर नाथ सेवा समिति के द्वारा सामुदायिक केंद्र थड़ी मार्केट मानसरोवर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और कलश यात्रा का आयोजन होगा। 18 मार्च को 551 महिलाओं की विशाल कलश यात्रा आयोजित होगी। संयोजिका मीना मूलचंदानी ने बताया कि "गोविंद देव जी मंदिर से आरंभ होकर कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर जाएगी, यहां महाआरती का आयोजन होगा।"
लोक नृत्य छेज और भव्य शोभायात्रा
पखवाड़ा सचिव अर्जुन मेहरचंदानी ने बताया कि बनी पार्क स्थित झूलेलाल मंदिर पर 19 मार्च को लोक नृत्य छेज की प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रम से जुड़े राकेश कृपलानी ने बताया कि "20 से अधिक टीमें नृत्य कौशल का प्रदर्शन करेंगी।" 20 मार्च को चेटीचंड महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें दोपहर 2:00 बजे चौगान स्टेडियम से 51 झांकियों के साथ विशाल शोभायात्रा निकलेगी। झांकी सचिव रमेश हरपलानी ने बताया कि इसमें शहर के प्रमुख 5 बैंड सिंधी संगीत की मधुर प्रस्तुति से सभी को आनंदित करेंगे। विभिन्न मार्गों से होती शोभायात्रा कंवर नगर स्थित झूलेलाल मंदिर पहुंचेगी जहां झांकी पुरस्कारों की घोषणा होगी। सुबह मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान होंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
