जयपुर: चेटीचंड के उपलक्ष्य में महिलाओं के लिए 'लाल जा लाडा' प्रतियोगिता
जवाहर नगर और राजापार्क में सिंधी समाज की महिलाएं पारंपरिक गीतों और भजनों के माध्यम से भगवान झूलेलाल की आराधना करेंगी।

जयपुर, 12 मार्च 2026। चेटीचंड सिंधी मेला समिति, महानगर जयपुर द्वारा आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रमों के तहत गुलाबी नगरी में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार, 13 मार्च को शहर के दो प्रमुख स्थानों पर भगवान झूलेलाल को रिझाने के लिए पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियां गूंजेंगी।
गीता मंदिर में जुटेगी महिलाओं की 20 से अधिक टीमें
चेटीचंड सिंधी मेला समिति के तत्वावधान में पूज्य सिंधी पंचायत सेक्टर 2, जवाहर नगर के सौजन्य से शुक्रवार 13 मार्च को शाम 6.30 बजे से स्थानीय गीता मंदिर, जवाहर नगर में "लाल जा लाडा" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। पंचायत अध्यक्ष रमेश हरपलानी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि "खुशी के अवसर पर गाए जाने वाले गीत लाडा प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किए जाएंगे।" इस प्रतियोगिता में शहर की 20 से अधिक महिलाओं की टीमें उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। ये टीमें पारंपरिक लाडे, गीत, भजन, ओराणा (माता के भजन) और पल्लव आदि गाकर भगवान झूलेलाल की आराधना करेंगी।
पुरस्कारों की घोषणा और आयोजक मंडल
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। संयोजक श्याम लाल सुखीजा और पुनीत गंगवानी ने पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि "भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे, साथ ही प्रतियोगिता जीतने वाली तीन टीमों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।" इस आयोजन को लेकर समाज की महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
राजापार्क में भी सजेगी भजनों की महफिल
जवाहर नगर के साथ-साथ सिंधी कॉलोनी, राजापार्क में भी उत्सव की धूम रहेगी। अमर लाल साहिब मंडल की ओर से श्री झूलेलाल मंदिर, सिंधी कॉलोनी, राजापार्क में भी शुक्रवार 13 मार्च को शाम 6.30 बजे "लाल जा लाडा" प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस दौरान सिंधी संस्कृति और लोक गीतों के माध्यम से समाज की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिलेगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
