जयपुर में जनगणना 2027 का प्रथम चरण: 1 मई से शुरू होगी स्व-गणना
जिला प्रशासन ने स्व-गणना के लिए http://se.census.gov.in पोर्टल जारी किया, जिस पर नागरिक 15 मई तक अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

जयपुर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला कलक्टर संदेश नायक, जो जिलेवासियों से जनगणना के प्रथम चरण के तहत पोर्टल पर ऑनलाइन स्व-गणना करने की अपील कर रहे हैं।
जयपुर जिले में जनगणना के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना का कार्य 1 मई से प्रारम्भ होकर 15 मई तक संचालित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और जिला कलक्टर संदेश नायक ने जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में स्व-गणना करने की अपील की है।
अधिकृत पोर्टल http://se.census.gov.in
के माध्यम से परिवार का मुखिया या कोई भी एक सदस्य डेस्कटॉप अथवा स्मार्टफोन पर स्व-गणना कर सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओटीपी किसी भी स्थिति में किसी के साथ साझा न किया जाए, यहां तक कि डेटा सत्यापन के लिए आने वाले प्रगणक के साथ भी नहीं। यह पोर्टल 1 मई से 15 मई के बीच ही सक्रिय रहेगा।
स्व-गणना के दौरान दर्ज किए गए डेटा का प्री-व्यू उपलब्ध होगा, जिससे परिवार का मुखिया या सदस्य आवश्यकतानुसार संशोधन कर सकेगा। हालांकि, फाइनल सबमिट के बाद डेटा में परिवर्तन संभव नहीं होगा, लेकिन प्रगणक द्वारा घर पर सत्यापन के दौरान आवश्यक संशोधन कराया जा सकेगा। स्व-गणना के बाद भी प्रगणक प्रत्येक घर जाकर डेटा की जांच और सत्यापन करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना शामिल है, के सफल आयोजन हेतु चरणबद्ध तैयारियां की जा चुकी हैं। किशनपोल जोन (नगर निगम हेरिटेज) के वार्ड संख्या 55, 56 एवं 63 में जनगणना प्री-टेस्ट माह नवम्बर 2025 तक पूर्ण किया जा चुका है। इसके साथ ही सीमा फ्रीज (सीमा सील) का कार्य, प्रशासनिक इकाइयों की सूची तथा मानचित्रों का सत्यापन 31 दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया गया है।
जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के लिए जिला एवं चार्ज स्तर पर जनगणना सेल गठित किए गए हैं। जिले में कुल 5277 गणना ब्लॉकों का गठन किया गया है, जिनके लिए 4779 प्रगणक एवं 780 सुपरवाईजर नियुक्त किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है।
अधिसूचना का प्रकाशन 22 जनवरी 2026 को किया गया था। इसके तहत जिला, उप जिला जनगणना अधिकारी, डीओआईटी अधिकारी, चार्ज अधिकारी, तहसीलदार, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी एवं नायब तहसीलदार का प्रशिक्षण 10 से 11 फरवरी 2026 तक आयोजित हुआ। नियमित सहायकों तथा जिला एवं चार्ज स्तर पर जनगणना सेल में नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 से 18 फरवरी 2026 तक तथा चार्ज अधिकारी, आयुक्त, अधिशाषी अधिकारी नगर परिषद, पालिका, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी एवं राजस्व अधिकारियों का प्रशिक्षण 19 से 20 फरवरी 2026 तक पूर्ण किया गया।
जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पर आईडी मैपिंग, ब्लॉक निर्माण, प्रशिक्षकों एवं कार्मिकों की सूची तैयार करने सहित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। आगामी चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य प्रस्तावित है, जबकि द्वितीय चरण में वास्तविक जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में की जाएगी।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए हैं कि 1 से 15 मई 2026 तक आयोजित स्व-गणना एवं मकान सूचीकरण कार्य को सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण गंभीरता और निष्ठा से संपन्न करें। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित कर पोर्टल के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जाए। यह अभियान जनगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता, सटीकता और व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
