जयपुर। 19 मई। जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सरकारी कार्मिकों की ओर से बरती जा रही कथित लापरवाही और ड्यूटी से बचने के प्रयासों पर नगर निगम ने अब सख्ती का रुख अपना लिया है। नगर निगम के मुरलीपुरा जोन उपायुक्त ने प्रगणक के रूप में नियुक्त श्री हेमपाल गुर्जर द्वारा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर ड्यूटी करने में असमर्थता जताने के बाद, कांवटिया चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक को पत्र लिखकर मेडिकल बोर्ड से उनकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

मामले के अनुसार, श्री हेमपाल गुर्जर को जनगणना-2027 के कार्य हेतु प्रगणक के पद पर नियुक्त किया गया था और प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत उन्हें एचएलबी नंबर 8 आवंटित की गई थी। जब कार्मिक को जनगणना कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया, तो श्री गुर्जर ने जेपी माहेश्वरी एमएस ऑर्थो की मेडिकल पर्ची एवं राजकीय उप जिला चिकित्सालय चौमूं की ओपीडी पंजीयन पर्ची प्रस्तुत कर शारीरिक असक्षमता व्यक्त की। इस स्थिति के चलते जनगणना एचएलबी नंबर 8 का कार्य सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है। उपायुक्त ने गंभीरता प्रकट करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में जनगणना कार्य में लगे कार्मिक मेडिकल अवकाश या बीमारी का बहाना बनाकर ड्यूटी से बच रहे हैं, जिसके कारण इस अभियान की गति बाधित हो रही है। इस प्रवृत्ति पर लगाम लगाने हेतु अब मेडिकल बोर्ड का गठन कर विस्तृत परीक्षण रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि कार्य में बाधा डालने वाले अनुचित दावों की सत्यता उजागर हो सके।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story