जनगणना 2027: जयपुर में मकान सूचीकरण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्घाटन किया, डिजिटल माध्यम से 1 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण का कार्य।

जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी और अन्य अधिकारी जनगणना 2027 की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए।
मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित तथा प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने किया उद्घाटन।
प्रशिक्षण का उद्घाटन एवं उद्देश्य
जयपुर, 10 फरवरी। भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य हेतु जिला एवं चार्ज स्तर (ग्रामीण) के अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रारम्भ हुआ। प्रशिक्षण का उद्घाटन प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में किया गया। यह प्रशिक्षण 10 फरवरी से 11 फरवरी, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि:
- "चार्ज स्तर पर नियुक्त सभी अधिकारी तकनीकी प्रशिक्षण की बारीकियों को गंभीरता से समझें तथा प्रायोगिक (Hands-on) अभ्यास को प्राथमिकता दें, ताकि जनगणना कार्य का सफल एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।"
स्व-गणना एवं फील्ड कार्य की समयावधि की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान के प्रशिक्षक एवं संयुक्त निदेशक श्री अविनाश शर्मा ने बताया कि जनगणना–2027 राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसकी गुणवत्ता सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने वाले आंकड़ों की शुद्धता से जुड़ी होती है।
- "इस बार जनगणना आधुनिक एवं पूर्णतः डिजिटल स्वरूप में सम्पन्न की जाएगी, जिससे डाटा की शुद्धता, पारदर्शिता एवं त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित होगा।"
- मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य स्व-गणना के माध्यम से 1 मई से 15 मई तक तथा फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून तक सम्पन्न किया जाएगा।
- सम्पूर्ण प्रक्रिया जनगणना प्रबंधन पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से संचालित होगी।
दायित्वों के गंभीर निर्वहन पर जोर
जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) जयपुर श्री संजय कुमार माथुर ने बताया कि:
"चार्ज स्तर पर कार्यरत अधिकारी अपनी भूमिका एवं दायित्वों का पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि जनगणना–2027 का कार्य सीएमएमएस पोर्टल (जनगणना प्रबंधन एवं पर्यवेक्षण प्रणाली) पर सही एवं त्रुटिरहित रूप से सम्पन्न हो सके।"
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जयपुर श्री बाबूलाल मीना द्वारा चार्ज स्तर पर नियुक्त अधिकारियों को उनकी भूमिका, दायित्व एवं तकनीकी कार्य प्रणाली के संबंध में संक्षिप्त जानकारी प्रदान की गई।
प्रतिभागी विवरण
जिला स्तरीय प्रशिक्षण में जिला स्तर से 4 एवं चार्ज स्तर से तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित कुल 40 अधिकारियों ने सहभागिता की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
