जिला कलेक्टर संदेश नायक ने 14 जून तक हाउस लिस्टिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए, समीक्षा बैठक में ब्लॉक स्तर की प्रगति पर चर्चा हुई।

जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग की प्रगति एवं आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जनगणना कार्य की गंभीरता और उसकी सतत निगरानी पर विशेष बल दिया गया।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले में निर्धारित कुल 5306 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक की प्रगति का व्यापक विवरण प्रस्तुत किया। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि अब तक 2969 ब्लॉकों का कार्य सफलतापूर्ण संपन्न कर लिया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य का 55.95 प्रतिशत है। इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रमुख जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों एवं तहसीलदारों को 14 जून से पूर्व हाउस लिस्टिंग का संपूर्ण कार्य हर हाल में पूर्ण करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

कार्य की उत्कृष्टता को रेखांकित करते हुए जिला कलेक्टर ने विशेष सराहनीय प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि चौमूं के चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार ने 530 में से 530, जालसू के अधिकारी ने 164 में से 164 तथा कालाडेरा के चार्ज जनगणना अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी ने 28 में से 28 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य निर्धारित समय से पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण कर एक मिसाल कायम की है। इसके अतिरिक्त, तूंगा के चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार ने 165 में से 163, किशनगढ़-रेनवाल ने 59 में से 55, कानोता ने 20 में से 19 तथा शाहपुरा नगर परिषद क्षेत्र ने 144 में से 138 ब्लॉक का कार्य पूर्ण कर 90 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

प्रमुख जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास का आधार होते हैं, इसलिए इनकी गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने समस्त उपखण्ड जनगणना अधिकारियों, उपखण्ड अधिकारियों, चार्ज जनगणना अधिकारियों, तहसीलदारों, अधिशासी अधिकारियों, नगर परिषद आयुक्तों एवं चार्ज सहायकों को आंकड़ों की गुणवत्ता की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा पूरे कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का आदेश दिया।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिला परिषद् की सीईओ प्रतिभा वर्मा, उपवन संरक्षक वी केतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय व जिला जनगणना अधिकारी देवयानी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय मेघराज मीणा एवं सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक बाबुलाल मीणा सहित संबंधित विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागीदारी निभाई। इस बैठक ने स्पष्ट कर दिया है कि जयपुर जिला प्रशासन समयबद्ध और त्रुटिहीन जनगणना के प्रति पूर्णतः संकल्पित है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story