राजस्थान की राजधानी में आगामी जनगणना-2027 के महाभियान को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न करने हेतु प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। सोमवार को जयपुर जिला कलक्ट्रेट सभागार में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय संजय माथुर के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक किया जाना सुनिश्चित किया गया है, जिसके सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विभागीय अधिकारी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

जनगणना कार्यों की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला कलक्टर संदेश नायक ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समस्त थानों एवं चौकियों को पत्र जारी कर अपने अधिकार क्षेत्र में नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों को फील्ड विजिट के दौरान आने वाले किसी भी व्यवधान या समस्या के समाधान में तत्परता से सहयोग करें। ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू कामकाज हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को निर्देशित किया गया कि वे सभी ब्लॉक विकास अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहभागिता हेतु आदेश जारी करें। वन्यजीव विभाग को विशेष निर्देश दिए गए कि वन क्षेत्रों या उनके समीपवर्ती क्षेत्रों में गणना हेतु नियुक्त कर्मियों को सुरक्षा प्रदान की जाए और रेंज ऑफिसर के माध्यम से उन्हें आवाजाही की अनुमति और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित कराया जाए।

चूंकि जनगणना का प्रथम चरण 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा, जो भीषण गर्मी की अवधि है, अतः स्वास्थ्य विभाग को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। कलक्टर ने जिले की समस्त ए.एन.एम. व जी.एन.एम. को पत्र जारी कर प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर जनगणना कर्मियों हेतु मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व आशा-सहयोगिनियों को सहयोग हेतु पाबंद करने तथा शिक्षा विभाग के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को समस्त विद्यालयी कार्मिकों को इस कार्य में सहयोग हेतु निर्देशित करने के सख्त निर्देश दिए गए। इस बैठक में पुलिस, नगर निगम-जयपुर, जिला परिषद, वन्यजीव, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग सहित जिला जनगणना सेल के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे यह स्पष्ट है कि प्रशासन इस व्यापक जनसांख्यिकीय अभ्यास को त्रुटिहीन और सुरक्षित बनाने हेतु कटिबद्ध है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story