जयपुर की केक आर्टिस्ट महिमा सांखला ने अपनी कलाकारी के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन किया है। पुणे में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उन्होंने 36 अन्य कलाकारों के साथ मिलकर विश्व रिकॉर्ड बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस उपलब्धि को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन से संबद्धता मिली है।

16 नवंबर 2026 को पुणे में आयोजित इस कार्यक्रम में 455 केक और कुकीज़ से भारत के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, कला और विरासत को प्रदर्शित किया गया। इस दौरान दुनिया की सबसे बड़ी एडिबल आर्ट प्रदर्शनी तैयार की गई, जिसमें जयपुर की महिमा सांखला ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया।

महिमा ने केक आर्ट के माध्यम से राजस्थान के ऐतिहासिक किलों, महलों और समृद्ध संस्कृति को खूबसूरती से उकेरा। उनकी कलाकारी के जरिए प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शनी में स्थान मिला। इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए सभी 37 कलाकारों ने कई महीनों तक मेहनत की।

महिमा सांखला ने बताया कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होना उनके जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा, "यह सम्मान पूरे जयपुर और राजस्थान का है।"

प्रसिद्ध केक आर्टिस्ट प्राची धबल देब के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिमा की कलाकारी को दर्शकों और निर्णायकों ने खूब सराहा। 455 केक और कुकीज़ से तैयार इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक पहचान को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।

महिमा सांखला की इस उपलब्धि से जयपुर में खुशी की लहर है। विश्व रिकॉर्ड में उनकी भागीदारी ने राजस्थान की कला और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। उनकी सफलता विशेष रूप से उन बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है, जो रचनात्मक क्षेत्रों में अपना करियर बनाना चाहती हैं।

Next Story