जयपुर: गांधी और शास्त्री जयंती पर भाजपा मुख्यालय में पुष्पांजलि व स्वच्छता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय में बापू व शास्त्री को श्रद्धांजलि देकर स्वच्छता का संकल्प लिया।

जयपुर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करते भाजपा पदाधिकारी।
जयपुर, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित प्रदेश पदाधिकारियों एवं भाजपा परिवार के सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इसके बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के नेतृत्व में प्रदेश पदाधिकारियों एवं भाजपा परिवार के सदस्यों ने प्रदेश मुख्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता एवं पैनलिस्टों सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता की और सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता का संकल्प लिया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 अक्टूबर को प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी अपने-अपने प्रवास पर रहे और विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वच्छता अभियानों में सहभागिता की।
बगड़ी ने कहा कि भाजपा के लिए स्वच्छता अभियान केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में अपने घरों, कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया तथा अभियान से पहले और बाद की तस्वीरें भी साझा कीं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनअभियान बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं। गांधी एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर प्रदेश मुख्यालय में पुष्पांजलि के साथ स्वच्छता अभियान के जरिए सेवा संकल्प के तहत स्वच्छता का संदेश दिया गया।

