प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah के लिए नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi द्वारा कथित अपशब्दों के इस्तेमाल के विरोध में गुरुवार को जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन का आक्रोश खुलकर सामने आया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए और कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चौमूं हाउस सर्किल पर राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Madan Rathore ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को समाप्त करने की बात कही थी, लेकिन तत्कालीन नेताओं ने राजनीतिक स्वार्थ के कारण पार्टी को जीवित रखा। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी अपने बयानों और कार्यशैली से कांग्रेस को समाप्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं और उनके स्टेटमेंट कांग्रेस की कब्र खोदने का कार्य कर रहे हैं।

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस धीरे-धीरे लुप्तप्राय स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की भाषा का उपयोग न केवल अशोभनीय है, बल्कि राष्ट्र के सम्मान के भी खिलाफ है, क्योंकि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भारत की विदेश नीति, कूटनीति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा दिखाई नहीं देती, जबकि उनका ध्यान केवल टॉफी और चॉकलेट जैसे विषयों पर केंद्रित है। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न देशों में जाकर भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं, जबकि विपक्ष अनर्गल, घटिया और हल्के स्तर की बयानबाजी में लगा हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों से राष्ट्रभक्त नागरिकों में भारी नाराजगी है और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया पुतला दहन उसी जनभावना का प्रतीक है। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा जल्द ही कांग्रेस नेताओं के अपशब्दों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी और ऐसे नेताओं का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी, जो देश के संवैधानिक पदों और नेतृत्व की गरिमा का सम्मान नहीं करते।

प्रदर्शन के दौरान मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को चॉकलेट वितरित करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इटली राहुल गांधी का ननिहाल है और ननिहाल में मेलोडी टॉफी देखते ही राहुल गांधी मचलने लगे। राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और कूटनीति दिखाई नहीं देती, बल्कि उन्हें सिर्फ मेलोडी टॉफी नजर आती है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को बचकाना बताते हुए कहा कि उनकी हरकतों को देखकर कहा जा सकता है कि वे “बुद्धि से बच्चे” हैं और उनका मानसिक विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयान राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर के अनुरूप नहीं हैं और इस प्रकार की टिप्पणियां उनकी राजनीतिक निराशा को दर्शाती हैं।

मदन राठौड़ ने कांग्रेस द्वारा भाजपा मुख्यालय घेराव की घोषणा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद पूरी तरह बिखरी हुई है और ऐसी स्थिति में भाजपा का घेराव करने की बात हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता ही एकजुट दिखाई नहीं दे रहे हैं। राठौड़ ने नीट पेपरलीक मामले को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक नौटंकी करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार का इस मामले में कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार के दौरान कोई पेपर लीक की घटना नहीं हुई, जबकि कांग्रेस शासनकाल में कई बार पेपर लीक के मामले सामने आए थे और उस समय वर्षों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान मामले में एनटीए ने तुरंत कार्रवाई की है और नीट से जुड़ा मामला भी राजस्थान से संबंधित नहीं है।

राठौड़ ने कहा कि किसी भी घेराव या आंदोलन के लिए जनबल और जनसमर्थन की आवश्यकता होती है, जो अब कांग्रेस के पास नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोप पूरी तरह निराधार हैं और जनता अब उनकी राजनीति को गंभीरता से नहीं लेती। जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story