जयपुर, 20 मई। राजधानी जयपुर में परिवहन सेवा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव की नींव रखी जा रही है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने घोषणा की है कि सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शीघ्र ही जयपुर में शुभारंभ किया जाएगा। यह नवाचारी सेवा न केवल आमजन को परिवहन का किफायती और सुरक्षित विकल्प उपलब्ध कराएगी, बल्कि ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना को धरातल पर उतारते हुए टैक्सी चालकों, जिन्हें ‘सारथी’ कहा गया है, की आर्थिक उन्नति का सशक्त आधार भी बनेगी।

बुधवार को अपेक्स बैंक सभागार में आयोजित ‘भारत टैक्सी संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री दक ने बताया कि दिल्ली, लखनऊ, मुम्बई और चण्डीगढ़ की सफलता के बाद अब जयपुर में जून माह के प्रथम सप्ताह से इस सेवा को शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने सेवा की अनूठी विशेषता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘भारत टैक्सी’ का मालिकाना हक किसी बाहरी व्यक्ति या निजी कंपनी के पास नहीं, बल्कि स्वयं टैक्सी चलाने वाले सारथियों के पास होगा। यह सेवा स्वामित्व, सुरक्षा कवच, सम्मान और लाभांश के समान वितरण के चार मूल स्तंभों पर टिकी है, जिसमें चालक ही कंपनी का वास्तविक स्वामी होता है।

मंत्री श्री दक ने स्पष्ट किया कि ‘भारत टैक्सी’ के प्लेटफॉर्म पर किसी भी सारथी का अकाउंट बिना उचित सुनवाई के बंद नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यह सेवा सारथियों को निजी कंपनियों के मनमाने हिडन चार्जेज और शोषण से मुक्त कराएगी। निजी कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने में यह सेवा मील का पत्थर साबित होगी, जिससे सारथियों के जीवन स्तर और आत्मविश्वास में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। मंत्री ने उपस्थित सारथियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक चालकों को इस सहकारी मुहिम से जोड़ें।

संवाद सत्र के दौरान सारथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे निजी कंपनियों द्वारा किए जा रहे शोषण और आमदनी में हो रही भारी कटौती से त्रस्त हैं। उन्होंने इस स्वदेशी सहकारी पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे देश का पैसा देश में ही रहेगा और उन्हें सब्सक्रिप्शन चार्जेज के बोझ से मुक्ति मिलेगी। सारथियों ने विश्वास दिलाया कि वे राजस्थान को ‘भारत टैक्सी’ के संचालन में देश का रोल मॉडल बनाने के लिए पूर्ण मनोयोग से कार्य करेंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विशिष्ट सहायक डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त रजिस्ट्रार (मा.सं.वि.) श्री भोमाराम, अपेक्स बैंक के प्रबंध निदेशक श्री रणजीत सिंह चूंडावत एवं भारत टैक्सी के सिटी हैड (जयपुर) श्री अभिषेक चारण

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story