अतिरिक्त यात्री यातायात और ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रिमियम रेलसेवा के संचालन की घोषणा की है। यह विशेष रेलसेवा वाया मदार-आदर्शनगर बाईपास संचालित की जाएगी और सीमित अवधि तक यात्रियों को तेज एवं सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09707, जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रिमियम रेलसेवा दिनांक 03 जून 2026 से 24 जून 2026 तक कुल 04 ट्रिप संचालित होगी। यह रेलसेवा प्रत्येक बुधवार को जयपुर से शाम 19.40 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 14.15 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09708, बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट नॉन स्टॉप प्रिमियम रेलसेवा दिनांक 04 जून 2026 से 25 जून 2026 तक कुल 04 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह रेलसेवा प्रत्येक गुरुवार को बान्द्रा टर्मिनस से 15.50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08.45 बजे जयपुर पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह रेलसेवा पूरी तरह नॉन स्टॉप रहेगी। मार्ग में केवल परिचालनिक कारणों से चितौड़गढ़, रतलाम और सूरत स्टेशनों पर ठहराव किया जाएगा। यात्रियों को तेज यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष प्रिमियम ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।

इस रेलसेवा में यात्रियों की सुविधा के लिए 01 फर्स्ट कम सैकण्ड एसी, 02 सैकण्ड एसी, 08 थर्ड एसी, 01 थर्ड एसी इकोनोमी, 04 द्वितीय शयनयान, 01 पेन्ट्रीकार एवं 02 पॉवरकार सहित कुल 19 डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे के इस निर्णय से जयपुर और मुम्बई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story