जयपुर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने बुधवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए 5 केन्टर सामान जब्त किया और अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 6 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया।

नगर निगम जयपुर आयुक्त श्री ओम कसेरा के निर्देशानुसार एवं पूर्व से प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में सतर्कता शाखा की टीम ने नगर निगम जयपुर क्षेत्राधिकार में विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। टीम ने मानसरोवर इण्डस्ट्रीज एरिया, मध्यम मार्ग, क्विंस रोड, सैन्ट्रल स्पाईन विद्याधर नगर, जवाहर सर्किल पत्रिका गेट, वीआईटी महिमा अपार्टमेन्ट के सामने, आशादीप चौराहा, सर्व कुम्हार छात्रावास महल रोड योजना, कोचिंग हब के सामने और सांगानेर में अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।



उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि इन सभी स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान 5 केन्टर सामान जब्त कर गोदाम में भिजवाया गया। वहीं, अस्थाई अतिक्रमण करने वालों से मौके पर 6 हजार रुपये का कैरिंग चार्ज वसूल किया गया।

सतर्कता टीम ने दौरे के दौरान मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों को समझाइश देते हुए मौखिक रूप से पाबंद किया कि भविष्य में अस्थाई अतिक्रमण समय से हटा लिया जाए। टीम ने स्पष्ट किया कि नगर निगम जयपुर के क्षेत्राधिकार में अवैध अतिक्रमण किए जाने पर भविष्य में भारी चालान या प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा की इस कार्रवाई में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ जब्ती और कैरिंग चार्ज वसूली की कार्रवाई की गई, जबकि संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद भी किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story