जयपुर, 21 मई। राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में बड़ा निर्णय लिया है। जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले 3 से 6 वर्ष तक के छोटे बच्चों के लिए समय में बदलाव कर दिया है। यह आदेश 22 मई से 30 जून 2026 तक पूरे जयपुर जिले में प्रभावी रहेगा। बढ़ती तपिश के बीच नौनिहालों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने आंगनबाड़ी में बच्चों के उपस्थित रहने का समय प्रातः 8:00 बजे से प्रातः 10:00 बजे तक निर्धारित किया है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए भी कार्यप्रणाली में स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। पोषाहार वितरण एवं अन्य विभागीय गतिविधियों के अपने दायित्वों का निर्वहन कार्यकर्ता और सहायिकाएं दोपहर 12:00 बजे तक सुनिश्चित करेंगी। इन विभागीय कार्यों के संपादन के पश्चात, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे अपना गृह भ्रमण का कार्य यथावत रूप से जारी रखेंगी। जिला कलेक्टर के इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य भीषण हीट वेव के दौरान छोटे बच्चों को चिलचिलाती धूप और गर्मी के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story