जयपुर में 140 जल सुराइयों की भव्य झांकी के बीच होंगे सद्गुरु टेऊँराम बाबा के दिव्य दर्शन, आज से पंचदिवसीय कथा
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान पर 140 जल सुराइयों की भव्य झांकी, सद्गुरु टेऊँराम बाबा के दिव्य दर्शन और पंचदिवसीय जीवन चरित्रामृत कथा का शुभारंभ।

तस्वीर में श्री अमरापुर स्थान पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोग एक भव्य मॉडल (झांकी) को ध्यानपूर्वक देखते हुए नजर आ रहे हैं।
जयपुर स्थित पावन तीर्थ श्री अमरापुर स्थान पर प्रेम प्रकाश मण्डल के संस्थापक मंगलमूर्ति आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का पावन चालिहा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया जा रहा है। आगामी 19 जुलाई को आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के 140वें प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में शनिवार 5 जुलाई को 140 जल से भरी सुराइयों की भव्य झांकी सजाई जाएगी तथा श्री अमरापुर स्थान पर सतगुरु स्वामी टेऊँराम जीवन चरित्रामृत पंचदिवसीय कथा का शुभारंभ होगा।
आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के 140वें प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को 140 जल सुराइयों की भव्य झांकी के बीच बाबा टेऊँराम के दिव्य दर्शन का अवसर मिलेगा। पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने बताया कि इस प्रकार की भव्य और अलौकिक झांकी का आयोजन पहली बार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिंध प्रांत के टन्डे आदम दरबार में जब भी प्रेमी श्रद्धालु आचार्य सतगुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचते थे, तब आचार्य श्री उनका अत्यंत प्रेम और सत्कार के साथ स्वागत करते थे तथा उन्हें टुकड़ी (ढोढा चटनी) और जल ग्रहण करवाते थे। उनका उद्देश्य था कि कोई भी प्रेमी भक्त दरबार से भूखा या प्यासा वापस न जाए। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए गत शनिवार को आचार्य श्री के समक्ष 140 ढोढा चटनी महाप्रसादी की दिव्य झांकी सजाई गई थी और उसी क्रम में शनिवार 5 जुलाई को 140 जल सुराइयों की अद्भुत एवं अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। इस अवसर पर “भूखे को भोजन-प्यासे को पानी-जय जय बाबा टेऊँराम स्वामी” का संदेश भी केंद्र में रहेगा।
140वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री अमरापुर स्थान पर कथा प्रवक्ता श्री गोपाल शरण शास्त्री जी के श्रीमुख से “आचार्य सतगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज” के संपूर्ण जीवन चरित्रामृत पर आधारित संगीतमय पंचदिवसीय कथा का आयोजन किया जाएगा। इस कथा में सतगुरु महाराज के परोपकारी जीवन और उनकी आध्यात्मिक वाणी का विस्तृत वृत्तांत सरल भाषा में श्रद्धालुओं को सुनाया जाएगा। शनिवार से प्रारंभ होने वाली यह भक्तिमय और ज्ञानमय कथा बुधवार 8 जुलाई को परायण के साथ सम्पन्न होगी।
कथा के दौरान अंग्रेजी तिथि के अनुसार 6 जुलाई (सोमवार) को सद्गुरु टेऊँराम जी महाराज का प्राकट्य दिवस एवं जन्मदिवस भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर झूला झांकी और खीर प्रसादी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचदिवसीय कथा का वाचन प्रतिदिन सायं 5 बजे से 6:30 बजे तक होगा। वहीं मंदिर दर्शन का समय प्रातः 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 3 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी कार्यक्रम श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में आयोजित होंगे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
