जयपुर के आमेर में निर्माणाधीन होटल की दीवार गिरी, तीन मजदूरों की मौत
हादसे में घायल तीन मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के लिए कमेटी का गठन किया है।

जयपुर, 29 जून। आमेर तहसील के चांदवाजी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन होटल के एसटीपी की दीवार अचानक ढहने से हुए दर्दनाक हादसे में छह मजदूर मलबे में दब गए, जिसमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सक्रिय होते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका निशुल्क उपचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए बिहार राज्य के मूल निवासी तीनों मृतक मजदूरों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह राज्य निशुल्क भेजने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है।
दुर्घटना की भयावहता की जानकारी मिलते ही संसदीय, विधि एवं जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल, जिला कलक्टर संदेश नायक तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा ने तत्काल घटनास्थल का दौरा किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया और मृतकों तथा घायलों के आश्रितों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी आगामी सात दिनों के भीतर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके।

