आमेर में ईको-टूरिज्म साइट विकास को मिली रफ्तार, ₹12.50 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी
जयपुर के आमेर में ईको-टूरिज्म साइट विकास के लिए ₹12.50 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी हुई। जानिए परियोजना से पर्यटन और स्थानीय रोजगार पर क्या असर पड़ेगा।

आमेर क्षेत्र में ईको-टूरिज्म सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला परिषद जयपुर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत वन मंडल रेंज आमेर में ईको-टूरिज्म साइट के विकास कार्य के लिए ₹12.50 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी की है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा ने बताया कि यह राशि उप वन संरक्षक, ग्रास फार्म नर्सरी, खातीपुरा, जयपुर (आमेर-लबाना-गूनावता) को कार्य निष्पादन के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इस कार्य का उद्देश्य आमेर क्षेत्र में ईको-टूरिज्म सुविधाओं का विकास कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देना है।
जारी स्वीकृति आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विकास कार्य का निष्पादन तकनीकी स्वीकृति तथा ग्रामीण कार्य निर्देशिका-2025 के प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में किया जाएगा। इसके साथ ही कार्य के दौरान गुणवत्ता, वित्तीय नियमों और पारदर्शिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद आमेर क्षेत्र में पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
