जयपुर: भवानी निकेतन में डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
जयपुर में 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. अम्बेडकर के विचारों से युवा पीढ़ी को जोड़ने की तैयारी।

जयपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में डॉ. अम्बेडकर और महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर जिला कलेक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक।
जयपुर, 10 अप्रेल। महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती का ब्लॉक व जिला स्तर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर भव्य और व्यापक रूप से मनाने की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्री संदेश नायक ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर सभागार में अनुसूचित जाति व जनजाति के प्रबुद्धजनों, राज्य स्तरीय सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को वृहद, प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने हेतु विस्तृत चर्चा कर सुझाव आमंत्रित किए गए।
चार दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला और उद्देश्य
कलेक्टर श्री नायक ने बताया कि 11 से 14 अप्रैल तक चार दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों विशेषकर युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय, समानता एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने जानकारी दी कि 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कलेक्टरों द्वारा फुले जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। यह दिन समाज सुधार और शिक्षा के प्रति जागरूकता के संदेश के रूप में मनाया जाएगा।
'संविधान को जानें' थीम और विविध आयोजन
12 अप्रैल को “संविधान को जानें” थीम के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, उनके विचारों एवं भारतीय संविधान की विशेषताओं पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दिन एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया जाएगा, जो 14 अप्रैल तक संचालित होगी, जिससे युवाओं में संविधान के प्रति रुचि एवं समझ विकसित हो सके। इसके पश्चात 13 अप्रैल को छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित चलचित्रों (फिल्मों) का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह एवं पुरस्कार वितरण
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य समारोह जयपुर स्थित श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि श्री भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री राजस्थान होंगे। समारोह में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, संविधान शपथ, अंबेडकर के विचारों पर आधारित कार्यक्रमों के साथ-साथ राज्य स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार प्रदान किये जायेगे। आयुक्त कॉलेज शिक्षा, डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने बताया कि "इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को डॉ. अंबेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से आत्मसात कराना है।" उन्होंने बताया कि इस आयोजन में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रतिनिधि
बैठक में श्री मुकेश कुमार मुण्ड अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शहर उत्तर, संयुक्त निदेशक श्री बी.पी चन्देल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अध्यक्ष, अम्बेाडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, घुमन्तू जनाधिकार समिति, अनुसूचित जाति व जनजाति अधिकारी कर्मचारी संयुक्त महासंघ, डॉ. अम्बेडकर नर्सेस वेलफेयर सोसायटी राजस्थाान, डॉ. अम्बेडकर उत्थान परिषद्, एससी-एसटी आरक्षण मंच, अनुसूचित जनजाति संयुक्त संस्थान, तथा अम्बेडकर सिविल सोसायटी जयपुर सहित अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
