जयपुर स्थित श्री अमरापुर स्थान में सेवा संकल्प कार्य के तहत रविवार 2 अगस्त को 425 निर्धन परिवारों को नित्य प्रतिदिन उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री वितरित की गई। श्री प्रेम प्रकाश सेवा मंडली एवं श्री अमरापुर स्थान द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य में जरूरतमंद परिवारों को राशन किट सहित अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की गई।

आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के आशीर्वाद एवं हजारा हजूर पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज की प्रेरणा से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सेवा मंडली द्वारा यह पुनीत सेवा कार्य किया जाता है।

वितरित सामग्री में चीनी, चावल, मैदा, आटा, तेल, मिर्च मसाले के साथ फल, श्री फल, ब्रेड, मिष्ठान और गृह उपयोग के बर्तन भी शामिल थे।

संतों ने बताया कि आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज की पावन शिक्षाओं की अनुपालना करते हुए "सेवा मंडल" निरंतर सेवा कार्यों में अग्रसर है।

वहीं, सावन माह के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को श्री अमरापुर स्थान में अमरापुरेश्वर महादेव का विशेष पूजन, अर्चन और अभिषेक किया जाएगा। प्रातः 6 बजे से 6.40 बजे तक 40 मिनट तक विद्वान पंडितों एवं वेदाचार्यों के सान्निध्य में मंत्रोच्चारण होगा।

इस दौरान भगवान भोलेनाथ का बिल्वपत्र, गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद बिल्वपत्र और पुष्प अर्पित कर पूजा, अर्चना एवं आरती की जाएगी। श्री अमरापुर स्थान जयपुर में सेवा कार्यों के साथ धार्मिक आयोजनों का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story