जयपुर में वायु प्रदूषण पर सख्ती, जिला कलक्टर ने सिंगल यूज प्लास्टिक रोकने और NCAP मानकों की पालना के दिए निर्देश
जयपुर में जिला कलक्टर संदेश नायक ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की समीक्षा कर सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, वायु प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरणीय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिला कलक्टर संदेश नायक और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जयपुर में नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के प्रभावी क्रियान्वयन और वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जिला पर्यावरण समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जयपुर शहर की हवा की गुणवत्ता बेहतर बनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने और कचरा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम का उद्देश्य जयपुर शहर की आबोहवा में सुधार करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धूलीय कणों के उत्सर्जन को रोकने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं। साथ ही नगर निगम एवं पॉल्यूशन कंट्रोल बॉर्ड के अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा पारित निर्णयों की अनुपालना की भी समीक्षा की। इस दौरान मकान निर्माण सामग्री के उचित निस्तारण को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
उन्होंने कहा कि जयपुर जिले में वायु प्रदूषण नियंत्रण और हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं तथा नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत निर्धारित मापदंडों की पालना सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही जयपुर में स्वच्छ हवा के लिए हरित क्षेत्र बढ़ाने, एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल करने और जिला पर्यावरणीय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
बैठक में केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने फोगिंग मशीन से एमजीसीएल का छिड़काव करने सहित कई अहम सुझाव भी दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् प्रतिभा वर्मा, उपवन संरक्षक वी. केतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी, जिला पर्यावरण समिति के सदस्य, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित मानकों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
