जयपुर जलमहल पर भारतीय वायु सेना का सूर्यकिरण और सारंग एयर शो आयोजित
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल की उपस्थिति में वायु सेना के पायलटों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसमें जयपुर के तीन स्थानीय जांबाज भी शामिल रहे।

जयपुर के जलमहल की पाल पर आयोजित वायु सेना के विशेष प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।
वायु सेना के शौर्य और कौशल की सराहना
जयपुर, 22 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे की गरिमामयी उपस्थिति में जयपुर में जलमहल की पाल पर भारतीय वायु सेना के सूर्यकिरण एरोबैटिक एवं सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए कहा कि जयपुर की धरती पर यह आयोजन गर्व की बात है।
"आर्मी डे परेड के भव्य एवं सफल आयोजन के बाद वायु सेना की ओर से आयोजित इस अद्भुत कार्यक्रम से यह साबित हुआ है कि जयपुर ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।"
सेना का बढ़ता गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारी सेना का गौरव लगातार बढ़ रहा है। बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर वायु सेना के अद्भुत पराक्रम एवं भारत की सुरक्षा मज़बूत हाथों में होने का परिचायक है। उन्होंने कहा कि हमारी वायु सेना सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं और महामारी में भी लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनती है।
जयपुर के लाल और वायु सेना के एम्बेसडर्स
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने अद्वितीय हवाई कौशल और उत्कृष्ट करतबों से मंत्रमुग्ध करती है। भारतीय वायुसेना के एम्बेसडर्स सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के तीन पायलट जयपुर के ही हैं:
- विंग कमांडर राजेश काजला
- विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ
- स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह
इन पायलट्स ने वर्षों की कठिन मेहनत, अटूट अनुशासन और असाधारण कौशल के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा और नागरिक-सेना संबंध
यह आयोजन नागरिक और सेना के बीच अटूट रिश्ते का उत्सव है, जिससे युवाओं के मन में सेना में जाने का संकल्प जन्म लेता है और रक्षा सेवाओं के प्रति जागरुकता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात मुख्यमंत्री ने मौजूद जनसमूह के बीच जाकर उनका अभिनंदन स्वीकार किया।
आसमान में गूंजा ‘‘खम्मा घणी‘‘ और ‘‘राम-राम सा‘‘
जल महल पर खुले आसमान में सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सटीकता और सामूहिक समन्वय का अद्भुत प्रदर्शन किया। टीम द्वारा बनाई गई मुख्य आकृतियां:
- सारंग स्पिलिट, एरोहैड और डॉल्फिन लीप
- लेवल क्रॉस, हाई स्पीड क्रॉस और क्रॉस ओवर ब्रेक
- डायमंड एवं इन्वर्टेड वाइन ग्लास
सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने इन्वर्टेड रन, बैरल रोल, बॉम्ब बर्स्ट, डीएनए संरचना जैसी अनेक आकृतियां के साथ आसमान में दिल बनाकर वायु सेना की ओर से जयपुरवासियों का अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों टीमों द्वारा कॉकपिट से ‘‘खम्मा घणी‘‘ और ‘‘राम-राम सा‘‘ का उद्घोष जनता के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर निम्नलिखित गणमान्य जन मौजूद रहे:
- उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी
- मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास
- पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा
- दक्षिण पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल श्री तेजिंदर सिंह
- सप्तशक्ति कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिन्दर सिंह
- अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
