जयपुर में एयर फोर्स स्टेशन कमांडर विनय भारद्वाज को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में जुटे पूर्व सैनिक
जयपुर में एयर फोर्स स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज को भावभीनी विदाई दी गई, पूर्व सैनिकों और एयर वेटरन्स ने सम्मान समारोह आयोजित किया।

जयपुर स्थित सैनिक विश्राम गृह में एयर वेटरन्स और पूर्व सैनिकों के साथ ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज।
जयपुर, 5 जुलाई को जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, जयपुर में एयर वेटरन्स राजस्थान के तत्वावधान में आयोजित एक भावपूर्ण समारोह में एयर फोर्स स्टेशन जयपुर के स्टेशन कमांडर ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एयर वेटरन्स एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे और सभी ने उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम संयोजक एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जयपुर प्रांत के सह सचिव एमडब्ल्यूओ ब्रजेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि समारोह के दौरान उपस्थित एयर वेटरन्स ने ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज का साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस अवसर पर एयर वेटरन रविंदर शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए जयपुर में उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार के सहयोग से उनके नेतृत्व में जयपुर में एयर शो, परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों मैराथन दौड़ तथा मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह की 106वीं जयंती पर आयोजित मेगा म्यूजिकल नाइट जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुए, जो उनके कार्यकाल को विशेष रूप से यादगार बनाते हैं।
अपने संबोधन में ग्रुप कैप्टन विनय भारद्वाज ने कहा कि जयपुर में कार्यकाल के दौरान उन्हें राजस्थान सरकार, एयर फोर्स की पूरी टीम तथा एयर वेटरन्स का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके कारण विभिन्न जनहित एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का सफल आयोजन संभव हो सका। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन एयर वेटरन अमर सिंह साहू ने किया, जबकि एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार शर्मा, वीएसएम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह में लेफ्टिनेंट कर्नल आर.एस. राजपुरोहित, कमांडर प्रियंका चौधरी, ओम प्रकाश श्योराण, विनोद कुमार जोशी, विजय पाल, महेंद्र सिंह, एचएफओ आर.के. शर्मा, एचएफओ भूपिंदर कुमार शर्मा, एचएफओ अपोलो सैनी, एचएफओ अमरजीत सैनी, एचएफओ कमल शर्मा, एचएफओ सुरेंद्र पारीक, देवीलाल भांभू, बी.एस. शर्मा, पी.एस. चौहान, के.एस. बड़सरा, सुरेश चंद्र ठाकुर, रमेश प्रसाद शर्मा, राम बाबू भट्ट एवं सतीश कूलवाल सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण भावनात्मक और सम्मानपूर्ण रहा, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारी और पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
