जयपुर के आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान श्रीराम के अग्निबाण से 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन हुआ। इस दौरान लाखों की संख्या में लोग मैदान में उमड़े और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। रावण दहन से पहले हुई आकर्षक आतिशबाजी ने आसमान को रंग-बिरंगी रोशनी से भर दिया। कहीं नियाग्रा फॉल जैसा आतिशी झरना दिखाई दिया तो कहीं चमकीली अशर्फियों की बरसात ने दर्शकों को रोमांचित किया।

कार्यक्रम संयोजक राजीव मनचंदा ने बताया कि इस बार रावण के पुतले में नए प्रयोग किए गए थे। रावण का हाथ और तलवार हिल रहे थे, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। पुतले की आंखों से निकलते शोले, मुंह से निकलते आग के गोले और नाभि व सिर पर घूमते अग्नि चक्र ने दहन के दृश्य को आकर्षक बनाया। तलवार और ढाल से निकलती सुनहरी चिंगारियों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। भगवान श्रीराम के स्वरूप ने अग्निबाण चलाकर रावण और कुंभकर्ण का दहन किया।

श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित महोत्सव के संबंध में अध्यक्ष हरचरण लेकर और सचिव अनिल खुराना ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। दहन से पहले हुई आतिशबाजी में रंगीन झरनों, स्टार वार जैसी रोशनी और सुनहरे अनारों ने दर्शकों को आकर्षित किया। आसमान में धूमकेतु जैसी रोशनी दिखाई दी तो चारों दिशाओं में तैरती हवाई मछलियों और ऑक्टोपस जैसी रंगीन आकृतियों ने समां बांध दिया। लंबे बांसों पर घूमती चकरियों तथा लाल, हरी, नीली और पीली रोशनी से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।

दोपहर तीन बजे श्री राम मंदिर से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों से सुसज्जित भव्य शोभायात्रा निकाली गई। लवाजमे के साथ निकली यह शोभायात्रा पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, कृष्ण प्रणामी मंदिर, कृष्ण मंदिर, 20 दुकान, स्वामी नंदराम मंदिर, स्वामी गंगादास मंदिर, बर्फखाना, मामा की होटल और पुलिया नंबर एक से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। रास्ते में विभिन्न व्यापार मंडलों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

दशहरा मैदान में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों और खानपान की स्टॉलों की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया प्रभारी तुलसी संगतानी ने बताया कि रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया।

महोत्सव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद मंजू शर्मा ने अध्यक्षता की। महापौर सुनील कोठारी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कालीचरण सराफ, रफीक खान, पवन अरोड़ा, अजयपाल सिंह और रवि नय्यर शामिल हुए। क्षेत्रीय पार्षद नीरज अग्रवाल एवं ऋतु चौधरी के साथ विशेष आमंत्रित राजेश गुप्ता (जेवीवीएनएल) और कपिल चोपड़ा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

दशहरा महोत्सव समिति की ओर से केशव बेदी, जितेंद्र चड्डा, लक्ष्मण मलिक, रवि सचदेवा, इंद्र कुमार चड्डा, हाकिम गेरा, अश्वनी बेरी, संजीव धवन, डॉ. महेश पोपली, विजय बत्रा, गोपाल शर्मा, संदीप सपरा, गुलशन मक्कड़, नितिन भाटिया, विनोद पारवानी और लक्ष्मण टेकचंदानी ने व्यवस्थाएं संभालीं। भव्य शोभायात्रा, विशेष आतिशबाजी और विशाल पुतलों के दहन के साथ आदर्श नगर का दशहरा महोत्सव संपन्न हुआ।

Next Story