जयपुर में 13 अक्टूबर से 'आदि बाजार' प्रदर्शनी का आयोजन, ट्राइफेड देगा जनजातीय कारीगरों को मंच
सी-स्कीम स्थित मॉल में आयोजित प्रदर्शनी के जरिए ट्राइफेड हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को बाजार और बिक्री का बड़ा अवसर देगा।

जयपुर में जनजातीय कारीगरों को अपने पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और अन्य उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक ‘आदि बाजार’ प्रदर्शनी-सह-बिक्री का आयोजन किया जाएगा। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ट्राइफेड के क्षेत्रीय कार्यालय, राजस्थान की ओर से यह आयोजन सी-स्कीम स्थित के. के. स्क्वायर मॉल में किया जाएगा।
ट्राइफेड के क्षेत्रीय कार्यालय की प्रबंधक मोनिका ने बताया कि ‘आदि बाजार’ का उद्घाटन 13 अक्टूबर को शाम 5 बजे होगा। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उद्घाटन करेंगे। इस दौरान राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव दीपेश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
प्रदर्शनी-सह-बिक्री के माध्यम से जनजातीय कारीगरों के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा एवं अन्य जनजातीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री को बढ़ावा देना है। 13 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला यह ‘आदि बाजार’ जनजातीय उत्पादों को बाजार में प्रस्तुत करने का अवसर उपलब्ध कराएगा।

