जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, जयपुर में 24 दिसंबर 2025 को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 70वीं बैठक बड़े उत्साह और गंभीरता के साथ आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रगति की समीक्षा करना था।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण ने बताया कि सभा का आयोजन सभाकक्ष संकल्प में किया गया, जिसमें समिति के सदस्यों ने विभिन्न मदों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विचार-विमर्श किया। बैठक की शुरुआत में मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शिवेन्द्र मोहन ने अपने संबोधन में रेलवे पर हिंदी के प्रयोग-प्रसार की स्थिति का विस्तृत अवलोकन प्रस्तुत किया। उन्होंने तिमाही के दौरान आयोजित प्रमुख गतिविधियों, जैसे त्रैमासिक हिंदी ई-पत्रिका ‘मरुधरा’ का नियमित प्रकाशन, राजभाषा पखवाड़ा, हिंदी कार्यशालाएँ, प्रतियोगिताएँ और पुरस्कार वितरण समारोह की जानकारी दी।

महाप्रबंधक एवं समिति अध्यक्ष श्री अमिताभ ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि उत्तर पश्चिम रेलवे का अधिकांश क्षेत्र राजभाषा नियमों के अंतर्गत आता है, अतः हिंदी में कार्य करना हमारा संवैधानिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे स्वयं हिंदी में कार्य करें, जिससे अधीनस्थ कर्मचारी भी प्रेरित हों। इसके साथ ही उन्होंने राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर और समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री अमिताभ द्वारा मरुधरा ई-पत्रिका के 32वें अंक का विमोचन किया गया। साथ ही, अखिल रेल स्तर पर आयोजित हिंदी निबंध प्रतियोगिता और हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्री चन्द्र प्रकाश चौहान और श्री विनय कुमार झा को पुनः सम्मानित किया गया।

बैठक के दौरान वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने कार्यसूची पर मदवार चर्चा की और समिति सदस्यों से राजभाषा के प्रचार-प्रसार हेतु सुझाव आमंत्रित किए। सभी सदस्यों ने हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अपने विचार साझा किए। बैठक के अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी ने सभी सदस्यों का सहभागिता हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया और अध्यक्ष महोदय श्री अमिताभ की अनुमति से बैठक की समाप्ति की घोषणा की।

उत्तर पश्चिम रेलवे में हिंदी के प्रयोग और प्रसार को लेकर यह बैठक न केवल राजभाषा नीति के अनुपालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करने और संस्थागत स्तर पर भाषा के विकास की दिशा में प्रभावशाली पहल भी साबित हो रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story