जयपुर की 22 पंचायत समितियों में प्रधान व उपप्रधान चुनाव की तैयारियां पूरी
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने सभी 22 समितियों के लिए निर्वाचन स्थल तय किए, नवनिर्वाचित सदस्यों को पहचान-पत्र के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए।

जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान पदों पर निर्वाचन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत इन दोनों पदों के लिए 27 और 28 नवंबर को चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। प्रधान पद के लिए शुक्रवार, 27 नवंबर और उपप्रधान पद के लिए शनिवार, 28 नवंबर को निर्वाचन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि दोनों दिन निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बैठक प्रातः 10 बजे शुरू होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद प्रातः 11:30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की प्रक्रिया अपराह्न 1 बजे तक पूरी होगी। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी और उन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आवश्यक होने पर अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार, जिले की सभी 22 पंचायत समितियों के लिए अलग-अलग निर्वाचन स्थल निर्धारित किए गए हैं। अमरसर पंचायत समिति के लिए कार्यालय उपतहसील अमरसर, चाकसू के लिए कार्यालय पंचायत समिति चाकसू, चौमूं के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी चौमूं, गोविंदगढ़ के लिए कार्यालय पंचायत समिति गोविंदगढ़, जालसू के लिए कार्यालय पंचायत समिति जालसू, शाहपुरा के लिए कार्यालय पंचायत समिति शाहपुरा, मौजमाबाद के लिए कार्यालय पंचायत समिति मौजमाबाद, कोटखावदा के लिए कार्यालय पंचायत समिति कोटखावदा तथा आंधी के लिए कार्यालय पंचायत समिति आंधी को निर्वाचन स्थल बनाया गया है।
इसी प्रकार आमेर पंचायत समिति के लिए कार्यालय ब्लॉक विकास अधिकारी आमेर, बस्सी के लिए कार्यालय पंचायत समिति बस्सी, दूदू के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी दूदू, जमवारामगढ़ के लिए कार्यालय पंचायत समिति जमवारामगढ़, फागी के लिए कार्यालय पंचायत समिति फागी, सांभरलेक के लिए कार्यालय पंचायत समिति सांभरलेक, तूंगा के लिए कार्यालय पंचायत समिति तूंगा, झोटवाड़ा के लिए कार्यालय पंचायत समिति झोटवाड़ा तथा रामपुरा डाबड़ी के लिए कार्यालय उपखण्ड अधिकारी रामपुरा डाबड़ी में निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा किशनगढ़ रेनवाल पंचायत समिति के लिए नगरपालिका कार्यालय किशनगढ़ रेनवाल, सांगानेर के लिए कार्यालय पंचायत समिति सांगानेर, माधोराजपुरा के लिए तहसील कार्यालय माधोराजपुरा तथा जोबनेर के लिए कार्यालय पंचायत समिति जोबनेर को निर्वाचन स्थल निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों से निर्धारित तिथि और समय पर अपने संबंधित निर्वाचन स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल होने के लिए निर्वाचित सदस्य अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र सहित अन्य फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लेकर आएं। इस तरह जयपुर जिले की सभी 22 पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान पदों के निर्वाचन के लिए तिथि, समय और स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं।

