जयपुर में आज से शुरू होगा आईडब्ल्यूटीसी सीजन-3, वेडिंग-टूरिज्म के 600 प्रतिनिधि जुटेंगे
जयपुर में आईडब्ल्यूटीसी सीजन-3 का आज आगाज, वेडिंग और टूरिज्म सेक्टर के 600 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल, जानें खास बातें।

जयपुर में वेडिंग-टूरिज्म इंडस्ट्री के सबसे बड़े कॉन्क्लेव इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव (आईडब्ल्यूटीसी) सीजन-3 का आगाज आज (19 July) से होगा। राजधानी जयपुर के दिल्ली रोड स्थित फेयरमोंट होटल में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों की पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और वेडिंग डेस्टिनेशन को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाना है।
कॉन्क्लेव का विधिवत उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी करेंगी। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कुंडला दुर्गेश विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जो जयपुर आ चुके हैं। इस आयोजन में देश-विदेश से वेडिंग, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के 600 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। पहले दिन के कार्यक्रम का समापन शाम को एक नकली बारात जुलूस के साथ होगा।
कॉन्क्लेव के डायरेक्टर अरशद हुसैन ने बताया कि इस बार आंध्र प्रदेश पर्यटन आधिकारिक भागीदार है। आईडब्ल्यूटीसी सीजन-3 के पहले दिन प्रदर्शनी का उद्घाटन, नेटवर्किंग सेशन और उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद पार्थिव त्यागराजन "बिग फैट वर्सेस इंटिमेट वेडिंग" विषय पर सत्र को संबोधित करेंगे।
कॉन्क्लेव में ऋतुराज खन्ना, डॉ. अजय जैन, रजत सेठी, कैप्टन बाली, न्गुएन ट्रुंग हियू, जीन ल्यूक बेनहेम और सुनीत आर्या सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ वेडिंग और पर्यटन उद्योग के बदलते स्वरूप, वैश्विक अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।
आयोजन के दूसरे दिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वेडिंग बजटिंग, बीच वेडिंग्स, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और भारतीय वेडिंग मार्केट जैसे विषयों पर मास्टर क्लास और पैनल डिस्कशन आयोजित होंगे। दो दिवसीय कॉन्क्लेव का समापन वेडवा इंडिया अवार्ड्स के साथ होगा।
यह आयोजन वेडिंग और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, कारोबारियों और प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां उद्योग के नए रुझानों, अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

