इजराइली पर्यटक से अभद्रता: गालिया कोवो ने अजमेर पुलिस का जताया आभार
चार साल पुराने वीडियो पर अजमेर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिस पर इजराइली महिला पर्यटक ने आभार जताया।

जयपुर, 29 सितंबर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पुराने वीडियो में इजरायली महिला पर्यटक के साथ आपत्तिजनक एवं अश्लील टिप्पणियों के मामले में अजमेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद संबंधित पर्यटक गालिया कोवो ने राजस्थान पुलिस और अजमेर पुलिस का आभार जताया है। उन्होंने अजमेर पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला और गांधी नगर थाना पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया।
गालिया कोवो ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो करीब चार वर्ष पुराना है। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने इस वीडियो को एक मजेदार याद के तौर पर पोस्ट किया था। उस समय उन्हें जानकारी नहीं थी कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कर रहे हैं।
गालिया कोवो ने भारत के प्रति अपना लगाव भी व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह अकेले करीब छह महीने तक भारत की यात्रा कर चुकी हैं और आज भी भारत से बेहद प्यार करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई देने वाले चार लोग पूरे भारतीय समाज का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।
इजरायली पर्यटक ने कहा कि पिछले दिनों उन्हें भारतीयों की ओर से जो प्यार और समर्थन मिला, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने भारत के लोगों के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में एक बार फिर भारत की यात्रा करना चाहेंगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद अजमेर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की। तकनीकी एवं आसूचना संसाधनों के माध्यम से वीडियो से संबंधित आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के संबंध में पृथक प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विदेशी पर्यटकों के साथ अभद्रता तथा महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर सामने आने वाली ऐसी घटनाओं पर पुलिस तत्परता से संज्ञान लेते हुए उपलब्ध तकनीकी एवं आसूचना संसाधनों के माध्यम से आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। अजमेर पुलिस की कार्रवाई के बाद गालिया कोवो की ओर से व्यक्त किया गया आभार मामले के घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण पहलू बनकर सामने आया है।

