आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा का संचालन करने का फैसला किया है। यह यात्रा 21 अक्टूबर 2026 से 1 नवंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और वाया जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौरगढ़ होते हुए यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी।

12 दिन की इस यात्रा में रामेश्वरम के रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी, तिरुपति बालाजी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा। भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा पैकेज तैयार किया गया है।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुकेश सैनी ने बताया कि भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन वातानुकूलित कोच, आधुनिक किचन-कार, बायो-टॉयलेट्स सहित कई सुविधाओं से सुसज्जित होगी। यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा को स्टैण्डर्ड और कंफर्ट दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

स्टैण्डर्ड केटेगरी का मूल्य 37,810 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। इसमें IIIrd एसी ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी आवास और नॉन-एसी बसों की व्यवस्था रहेगी। वहीं कंफर्ट केटेगरी का मूल्य 50,290 रुपये प्रति व्यक्ति है। इसके तहत IInd एसी ट्रेन यात्रा के साथ एसी आवास और एसी बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

यात्रा 21.10.2026 को सीकर जंक्शन से शुरू होगी और 23.10.2026 को रेणीगुंटा स्टेशन पहुंचेगी। यात्रियों का रात्रि विश्राम रेणीगुंटा/तिरुपति में रहेगा। 24.10.2026 को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद ट्रेन 25.10.2026 को रेणीगुंटा स्टेशन से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी।

ट्रेन 26.10.26 को रामेश्वरम पहुंचेगी। यहां यात्रियों को रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे और रात्रि विश्राम भी रामेश्वरम में रहेगा। 27.10.2026 को ट्रेन रामेश्वरम से मदुरै के लिए रवाना होगी। शाम को मदुरै में मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे, जिसके बाद रात में ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी।

28.10.2026 को सुबह ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी। यहां दिन में यात्रियों को कन्याकुमारी भ्रमण कराया जाएगा। रात में ट्रेन मरकापुर स्टेशन के लिए रवाना होगी। 30.10.2026 को ट्रेन मरकापुर स्टेशन पहुंचेगी, जहां यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद उसी रात ट्रेन वापसी यात्रा शुरू करेगी।

वापसी में ट्रेन जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौरगढ़ होते हुए 01.11.2026 को सीकर जंक्शन पहुंचेगी, जहां यात्रा समाप्त होगी। इस यात्रा में सभी यात्रियों को कन्फर्म बर्थ के साथ होटल-आवास, खान-पान की सुविधा में ब्रेकफास्ट, लंच एवं डिनर, ट्रांसपोर्टेशन और मंदिर दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

यात्रा में इंस्युरेन्स की सुविधा भी रहेगी। सरकार/पीएसयू के कर्मचारी वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर पात्रता के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।

पैकेज की विस्तृत जानकारी के लिए यात्री व्हाट्सएप्प नंबर 8595930998 और 8595924336 पर संपर्क कर सकते हैं। पैकेज की बुकिंग आई.आर.सी.टी.सी. की वेबसाइट www.irctctourism.com पर उपलब्ध है। इसके अलावा आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, फर्स्ट फ्लोर, जीवन प्रकाश एल आई सी बिल्डिंग, आंबेडकर सर्किल, भवानी सिंह रोड, जयपुर, (राजस्थान) 302005 में पहुंचकर भी बुकिंग कराई जा सकती है। इस तरह 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं को एक ही रेल यात्रा में दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराएगी।

Updated On
Next Story